Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र स्थित कपावली ठार गांव में एकतरफा प्यार के चलते ममेरे देवर ने अपनी भाभी की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोप है कि वह काफी समय से महिला पर घर से भागने का दबाव बना रहा था। शनिवार सुबह शादी समारोह में काम करके जब पति घर लौटा, तो पत्नी का शव रसोई में पड़ा मिला। पुलिस ने पति की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कपावली ठार निवासी गौरव शुक्रवार को एक शादी समारोह में सजावट का काम करने गए थे, जबकि उनकी मां रानी देवी अपने मायके गई हुई थीं। घर में गौरव की 24 वर्षीय पत्नी तनू शर्मा अपनी तीन बेटियों के साथ अकेली थीं। शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब गौरव घर लौटे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद उनकी छह वर्षीय बेटी सौम्या ने दरवाजा खोला।
अंदर जाने पर रसोई में पत्नी तनू का शव पड़ा देख गौरव के होश उड़ गए। महिला के चेहरे और गले पर चोट व नाखूनों के निशान थे। रसोई में एक थाली में थोड़ी सब्जी और डेढ़ रोटी रखी थी, जबकि सेवइयां व अन्य सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
छह साल की बेटी ने बताया घटनाक्रम
मासूम बेटी सौम्या ने परिजनों को बताया कि शुक्रवार रात सिरसागंज के गांव गुड़िया टिकुर निवासी ममेरा देवर रोहित घर आया था। रात में उसका मां से झगड़ा हुआ, जिसके बाद रोहित ने सौम्या, उसकी तीन वर्षीय बहन परी और तीन माह की आराध्या को कमरे में सोने के लिए भेज दिया।
गौरव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी शादी वर्ष 2020 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही रोहित उनकी पत्नी को फोन करके परेशान करता था और साथ भागने के लिए दबाव बनाता था। शुक्रवार रात पत्नी के घर में अकेले होने की जानकारी मिलने पर वह वहां पहुंचा और मारपीट के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
सीडीआर जांच में बातचीत की पुष्टि, आरोपी की तलाश में दबिश
नारखी थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पति की शिकायत के आधार पर आरोपी रोहित के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) जांच में दोनों के बीच बातचीत होने की पुष्टि हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच पड़ोसी युवक ने की आत्महत्या
इधर, पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम को जब तनू का शव गांव पहुंचा, तो सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल वहां तैनात था। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर रहने वाले वासुदेव शर्मा के 24 वर्षीय बेटे राहुल ने वहां पहुंचकर गौरव को सांत्वना दी।
इसके कुछ ही देर बाद राहुल ने अपने घर जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने जब राहुल का शव फंदे से लटका देखा तो कोहराम मच गया। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और ग्रामीण युवक की आत्महत्या को महिला की हत्या से जोड़कर देखने लगे। हालांकि, पुलिस ने इस अटकल को सिरे से खारिज कर दिया है। इंस्पेक्टर के अनुसार, युवक ने नशे की हालत में आत्महत्या की है और इस घटना का महिला की हत्या से कोई संबंध नहीं है।