गोपालगंज की 20 वर्षीय सोनी कुमारी ने दिल्ली एम्स में कराया जेंडर ट्रांजिशन, अगस्तया गुप्ता नाम से बनाई नई पहचान

Share

- Advertisement -

Gopalganj News: बिहार के गोपालगंज जिले के मटिहानी गांव की 20 वर्षीय सोनी कुमारी ने चिकित्सीय प्रक्रिया के माध्यम से जेंडर ट्रांजिशन कराकर ‘अगस्तया गुप्ता’ के रूप में अपनी नई पहचान बनाई है। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में परामर्श, हार्मोन थेरेपी और सर्जरी के बाद उन्होंने यह बदलाव किया है।

बिहार के गोपालगंज जिले से अपनी पहचान और आत्मसम्मान के लिए संघर्ष की एक प्रेरक कहानी सामने आई है। यहां 20 वर्षीय सोनी कुमारी ने चिकित्सीय प्रक्रिया के जरिए जेंडर ट्रांजिशन कराया है और अब वे ‘अगस्तया गुप्ता’ के नाम से अपनी नई पहचान के साथ जीवन जी रहे हैं। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में हार्मोन थेरेपी और सर्जरी के बाद उनकी यह यात्रा चर्चा में है।

अगस्तया मूल रूप से गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के मटिहानी गांव के निवासी हैं। उनके पिता का नाम छोटेलाल साह है। अगस्तया के अनुसार, बचपन से ही उन्हें महसूस होता था कि उनकी पहचान एक लड़के की है। उन्हें लड़कों के साथ खेलना और उनकी तरह कपड़े पहनना पसंद था, जिसे लेकर वे परिवार के सामने भी सवाल उठाते थे।

दसवीं कक्षा के बाद बढ़ी उलझन, ऐसे मिली प्रेरणा

अगस्तया ने बताया कि दसवीं कक्षा के बाद जब उनके शरीर में स्वाभाविक शारीरिक बदलाव होने लगे, तो उनकी मानसिक उलझन और बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने इंटरनेट और सोशल मीडिया के माध्यम से जेंडर ट्रांजिशन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। इसी दौरान ट्रांसजेंडर बॉडीबिल्डर आर्यन पाशा और राजवीर की जीवन यात्रा से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

दिल्ली एम्स में परामर्श के बाद हुई सर्जरी

जानकारी जुटाने के बाद उन्होंने दिल्ली एम्स में चिकित्सकीय परामर्श लिया। 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद वे आवश्यक मनोचिकित्सकीय जांच और प्रमाण पत्र की कानूनी व चिकित्सकीय प्रक्रिया से गुजरे, जिसके बाद उनकी हार्मोन थेरेपी शुरू की गई।

करीब एक साल तक हार्मोन थेरेपी चलने के बाद दिल्ली एम्स में उनकी टॉप सर्जरी और हिस्टेरेक्टॉमी (गर्भाशय निकालने की सर्जरी) की गई। चिकित्सकों की देखरेख में फिलहाल उनकी हार्मोन थेरेपी जारी है। सोनी कुमारी से अगस्तया गुप्ता बनने का यह सफर लंबे समय की उहापोह के बाद आत्मविश्वास के साथ अपनी वास्तविक पहचान को अपनाने की कहानी है, जिसकी चर्चा अब पूरे गोपालगंज क्षेत्र में हो रही है।

Read more

Related News