Patna News: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से बिहार के मौसम में बदलाव होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 21 नवंबर को बांका, भागलपुर और जमुई में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के ओडिशा तट से टकराकर कमजोर पड़ने के बाद इसका असर बिहार के मौसम पर देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 21 नवंबर को बांका, भागलपुर और जमुई जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में गरज-चमक और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बिहार में तूफान ‘अकवान’ का क्या होगा असर?
मौसम विज्ञान केंद्र पटना की 20 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ पिछले छह घंटों के दौरान 26 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा। इसने 20 नवंबर की सुबह 7:30 से 8:30 बजे के बीच गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट को पार किया। सुबह 8:30 बजे यह तूफान गोपालपुर के पास दक्षिणी तटीय ओडिशा और उससे सटे उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर केंद्रित था।
मौसम विभाग के अनुसार, यह प्रणाली ओडिशा के ऊपर से उत्तर-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ेगी और अगले तीन घंटों में कमजोर होकर ‘डीप डिप्रेशन’ तथा उसके अगले छह घंटों में ‘डिप्रेशन’ में बदल जाएगी। हालांकि बिहार में तूफान के सीधे प्रवेश का पूर्वानुमान नहीं है, लेकिन इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
21 नवंबर को इन जिलों में विशेष सतर्कता की सलाह
मौसम विभाग ने 21 नवंबर के लिए राज्य के दो प्रमुख क्षेत्रों के जिलों में अलर्ट जारी किया है: मौसम की स्थितिप्रभावित क्षेत्र / जिलेमौसम विभाग का पूर्वानुमान भारी बारिशबांका, भागलपुर, जमुईएक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना तेज हवा और वज्रपातदक्षिण-मध्य बिहार (पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय)एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा तेज हवा और वज्रपातदक्षिण-पूर्व बिहार (भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया)एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा बिहार का मौसम?
पिछले 24 घंटों के दौरान गया जिले के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य के शेष हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। गया एयरो में 1 मिलीमीटर और मानपुर में 0.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सुबह के समय गया में न्यूनतम दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई, वहीं पटना जिले में 41 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
तापमान के आंकड़ों के अनुसार, 19 नवंबर को कैमूर जिले के भभुआ में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे राज्य में अधिकतम तापमान 24.1 से 32.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। दूसरी ओर, सहरसा के अगवानपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राज्य का न्यूनतम तापमान 13.7 से 20.3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ।
अगले 48 घंटे कोहरे और आगामी दिनों में बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के अधिकांश स्थानों पर सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है, जिससे यातायात के दौरान दृश्यता प्रभावित हो सकती है। तापमान की बात करें तो अगले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान में पहले दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी और फिर अगले तीन दिनों में इतनी ही गिरावट होने का अनुमान है।
सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक, 22 नवंबर को उत्तर-पूर्व, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद 23 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 24 से 26 नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।