धर्मशाला: विधानसभा परिसर में भाजपा विधायकों का प्रदर्शन, जयराम ठाकुर ने की महिलाओं को 4 साल की बकाया 72 हजार राशि देने की मांग

Share

- Advertisement -

Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन वीरवार को विपक्षी भाजपा विधायकों ने महिलाओं को 1500 रुपए मासिक आर्थिक सहायता देने की चुनावी गारंटी को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में भाजपा विधायकों ने धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और सरकार से पात्र महिलाओं को 4 साल की बकाया राशि 72 हजार रुपए एकमुश्त जारी करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले अपनी पहली कैबिनेट बैठक में 18 से 60 वर्ष की महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी, लेकिन सरकार को सत्ता में आए करीब 4 साल बीत चुके हैं और अधिकांश पात्र महिलाओं को आज तक इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।

1500 रुपए नहीं, अब एकमुश्त 72 हजार रुपए दे सरकार: जयराम ठाकुर

नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि अब महिलाओं को केवल 1500 रुपए मासिक देने की बात नहीं होनी चाहिए, बल्कि पिछले 4 वर्षों की पूरी बकाया राशि 72 हजार रुपए एक साथ जारी की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा विधायक दल महिलाओं की इस मांग का पूर्ण समर्थन करता है और उनके अधिकारों की लड़ाई को विधानसभा के भीतर से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाता रहेगा।

बिना देरी गारंटी पूरी करने की उठाई मांग

भाजपा विधायकों ने नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि बिना किसी और देरी के इस चुनावी गारंटी को धरातल पर लागू किया जाए तथा प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को इस योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News