रामपुर में बोले आजम खान- इंडिया ब्लॉक ने पहले गंभीरता दिखाई होती तो कई चुनावों के नतीजे अलग होते

Share

- Advertisement -

Rampur News: अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (INDIA) ब्लॉक और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। रामपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि यदि विपक्षी गठबंधन ने रामपुर के चुनावों में हुई कथित अनियमितताओं को शुरुआत में ही गंभीरता से लिया होता, तो बाद में संभल, कुंदरकी और हरियाणा जैसे चुनावों के परिणाम अलग हो सकते थे।

इंडिया ब्लॉक और चुनाव आयोग पर साधा निशाना

आजम खान ने कहा कि सभी संवैधानिक संस्थाओं को अपनी गरिमा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनावों में निष्पक्षता नहीं रही है और इसका सबसे अधिक नुकसान उन्हें उठाना पड़ा है।

विपक्षी गठबंधन से अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए आजम खान ने कहा कि रामपुर में जब पहली बार मतदाताओं को रोकने और सड़कों पर पुलिस-पीएसी की तैनाती की घटना हुई थी, तब यदि इंडिया ब्लॉक ने एकजुट होकर इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया होता, तो कुंदरकी, संभल, हरियाणा या बंगाल में देखे गए चुनावी नतीजे शायद नहीं आते। उन्होंने यह भी कहा कि शायद उन पर चल रहे कई कानूनी मुकदमों के कारण गठबंधन ने उस समय इस मामले को उतनी गंभीरता से नहीं लिया।

जांच एजेंसियों और इनकम टैक्स की कार्रवाई पर उठाए सवाल

आजम खान ने प्रवर्तन निदेशालय (ED), आयकर विभाग (IT), सीबीआई और विकास प्राधिकरण की कार्रवाइयों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इन एजेंसियों की वजह से लोग परेशान हैं। अपने राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 50 साल तक लखनऊ में राजनीति करने, दस बार विधायक और दो बार सांसद रहने के बावजूद उनके पास अपने घर के अलावा लखनऊ में 10 बाय 10 का भी कमरा नहीं है, इसके बावजूद आयकर विभाग ने बड़ा हिसाब निकाल दिया है।

जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण और मूल्यांकन का दिया हवाला

मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी का जिक्र करते हुए आजम खान ने कहा कि इसका 90 प्रतिशत निर्माण कार्य वर्ष 2004 से 2006 के बीच ही पूरा हो चुका था और उस समय निर्माण दरें 120 से 125 रुपये प्रति वर्ग फुट थीं, जबकि अधिकांश श्रमदान स्वेच्छा से किया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि आयकर विभाग ने मूल्यांकन के लिए दिल्ली की वर्तमान सीपीडब्ल्यूडी (CPWD) दरों यानी 2400 रुपये प्रति वर्ग फुट के हिसाब से आकलन किया है। खान ने कहा कि रामपुर में विकास प्राधिकरण यूनिवर्सिटी बनने के 10 साल बाद अस्तित्व में आया, फिर भी यूनिवर्सिटी को गिराने के लिए बुलडोजर लाए गए। उन्होंने कहा कि यदि सर सैयद अहमद खान या पंडित मदन मोहन मालवीय के समय में ईडी, आयकर विभाग और विकास प्राधिकरण जैसी संस्थाएं होतीं, तो वे भी जेल में होते और आज एएमयू (AMU) तथा बीएचयू (BHU) जैसे संस्थान न बन पाते।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News