Dehra News: हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है। देहरा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं और सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा किसान मोर्चा सड़कों पर उतरकर लड़ाई लड़ेगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद बंसी लाल गुर्जर, प्रदेशाध्यक्ष संजीव देष्टा, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन और पूर्व विधायक होशियार सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
दूध खरीद के वादे, बीज और बाजार व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा
डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस के चुनावी वादों की याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान किसानों से 100 रुपये प्रति लीटर की दर से दूध खरीदने और हर घर से दूध लेने का वादा किया था, लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हो पाया है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने किसानों को समय पर बीज और कीटनाशक उपलब्ध न होने तथा उनकी उपज के लिए उचित बाजार व्यवस्था न मिल पाने के मुद्दे पर भी प्रदेश सरकार को घेरा।
किसान सम्मान निधि के लिए प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने केंद्र सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत हिमाचल प्रदेश के करीब नौ लाख किसानों को अब तक 24 किस्तों के माध्यम से लगभग 48 हजार रुपये प्रति किसान की आर्थिक सहायता प्राप्त हो चुकी है।
कांग्रेस की अंदरूनी कलह और नए जिलों के गठन पर कसा तंज
कांग्रेस नेता सुंदर सिंह ठाकुर के बयान पर तंज कसते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी लड़ाई अब जनता के सामने खुलकर आ रही है। वहीं, प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अभी तो कांग्रेस के नेता ही आपस में लड़ रहे हैं, बाकी आगे क्या होगा यह वक्त बताएगा।