दिल्ली IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में जबरन घुसने की कोशिश नाकाम, CISF ने हरियाणा के युवक को पकड़ा

Share

- Advertisement -

New Delhi News: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे एक 26 वर्षीय युवक को सीआईएसएफ (CISF) के जवानों ने मौके पर ही पकड़ लिया। हरियाणा के सोनीपत निवासी आरोपी कुनाल कुमार को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के प्रस्थान (डिपार्चर) क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक द्वारा जबरन प्रवेश करने की कोशिश को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए विफल कर दिया। यह घटना 18 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे हुई। सुरक्षाकर्मियों ने युवक को तुरंत हिरासत में लेकर प्रारंभिक पूछताछ की और बाद में उसे दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया।

सोनीपत का रहने वाला है आरोपी, बैग से मिले कई दस्तावेज

सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान 26 वर्षीय कुनाल कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले का निवासी है। सुरक्षाबलों द्वारा उसके बैग की तलाशी लेने पर आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल फोन, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, खेल से जुड़े कुछ सर्टिफिकेट और कई आवेदन पत्र बरामद हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां इन सभी दस्तावेजों की सत्यता की जांच कर रही हैं।

कोलकाता से वाराणसी होते हुए दिल्ली पहुंचा था युवक

जांच के दौरान आरोपी कुनाल के पास से एक बोर्डिंग पास भी मिला है। इससे पता चला है कि उसने 17 नवंबर को कोलकाता से वाराणसी के लिए उड़ान भरी थी। उसी दिन वह वाराणसी से दूसरी फ्लाइट लेकर दोपहर करीब तीन बजे दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर उतरा था।

अधिकारियों के मुताबिक, अगले दिन यानी 18 नवंबर को भी वह लगभग उसी समय टर्मिनल-3 पर पहुंचा और प्रस्थान क्षेत्र में जबरन दाखिल होने का प्रयास करने लगा। वाराणसी से दिल्ली आने के बाद वह 24 घंटे तक कहां ठहरा और किन गतिविधियों में शामिल रहा, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

परिजनों का दावा- मानसिक रूप से अस्वस्थ है युवक

एयरपोर्ट सुरक्षा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी के परिजनों से संपर्क किया गया। बातचीत के दौरान युवक के पिता ने दावा किया कि उनका बेटा नशे का आदी है और मानसिक रूप से अस्वस्थ है।

फिलहाल, आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस की हिरासत में है। पुलिस इस बात की पुष्टि कर रही है कि युवक वास्तव में मानसिक रूप से अस्वस्थ है या फिर यह कानूनी कार्रवाई से बचने का कोई बहाना है। साथ ही, टर्मिनल के भीतर जबरन घुसने के पीछे उसका वास्तविक मकसद क्या था, इसका पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है।

Read more

Related News