Patna News: बिहार के मंत्री मदन सहनी ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आने वाले दिनों में राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे। इसके साथ ही सहनी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम में निशांत कुमार के साथ हुई कथित धक्का-मुक्की के मामले में कार्रवाई की बात भी कही है।
बिहार की राजनीति में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। राज्य सरकार के मंत्री मदन सहनी ने एक निजी चैनल से बातचीत के दौरान बड़ा दावा करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आने वाले दिनों में बिहार के मुख्यमंत्री होंगे। उनके इस बयान के बाद प्रदेश के सियासी गलियारों में नई अटकलें शुरू हो गई हैं।
निशांत कुमार के साथ हुई घटना पर कार्रवाई की बात
मदन सहनी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम के दौरान निशांत कुमार के साथ हुई कथित धक्का-मुक्की के मामले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस घटना से जुड़ी तस्वीरों को गंभीरता से देखा जाएगा और मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सलाह दी कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि यह मामला तब सुर्खियों में आया था, जब राघोपुर में मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम के दौरान निशांत कुमार को हटाए जाने की घटना सामने आई थी। हालांकि, इस विवाद पर विशेष सुरक्षा दल (SSG) ने पहले ही एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसे मानवीय भूल बताया था।
नीतीश कुमार के नाम पर पुल के नामकरण का समर्थन
इस दौरान मदन सहनी ने नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नाम रखे जाने को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का भी जवाब दिया। विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में कभी नाम और प्रचार पर ध्यान नहीं दिया। सहनी ने नीतीश कुमार के विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि यदि अब उनके नाम पर किसी पुल या सड़क का नामकरण किया गया है, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है।