Nashik News: नासिक की एक अदालत ने 19 नवंबर को एआईएमआईएम (AIMIM) के महाराष्ट्र अध्यक्ष और पूर्व सांसद इम्तियाज जलील को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर सशर्त जमानत दे दी है। नासिक के चर्चित टीसीएस प्रकरण की आरोपी निदा खान को कथित तौर पर शरण देने के मामले में दाखिल पूरक आरोपपत्र को लेकर वे गुरुवार को अदालत में पेश हुए थे।
नासिक की अदालत ने 19 नवंबर को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद इम्तियाज जलील को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर सशर्त जमानत प्रदान की। नासिक के टीसीएस प्रकरण में दाखिल पूरक आरोपपत्र के सिलसिले में इम्तियाज जलील गुरुवार को अदालत में पेश हुए थे। इस दौरान उनके वकीलों की ओर से जमानत याचिका दाखिल की गई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उन्हें जमानत दे दी।
पूर्व सांसद इम्तियाज जलील पर नासिक के टीसीएस प्रकरण की एक आरोपी निदा खान को कथित तौर पर शरण देने का आरोप है।
क्या है नासिक का टीसीएस प्रकरण
यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ था, जब नासिक स्थित टीसीएस कार्यालय में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने अपने सहकर्मी दानिश शेख के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि दानिश शेख ने पहले से विवाहित होने के बावजूद शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
मामले की जांच आगे बढ़ने पर कई अन्य महिलाओं ने भी नासिक शाखा के वरिष्ठ कर्मचारियों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए। महिलाओं का आरोप था कि फरवरी 2022 से मार्च 2026 के बीच उन्हें मानसिक और यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी शिकायतों को कंपनी के मानव संसाधन विभाग ने नजरअंदाज कर दिया।
दो अलग-अलग मामलों में एसआईटी ने दाखिल किए आरोपपत्र
इस प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अब तक दो आरोपपत्र दाखिल किए हैं। एसआईटी ने 29 मई को अदालत में दूसरा आरोपपत्र दायर किया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह आरोपपत्र मुंबई नाका पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज आठ प्राथमिकी (एफआईआर) से संबंधित है। इस आरोपपत्र में रजा रफीक मेमन, शाहरुख हुसैन शौकत कुरैशी, अश्विनी अशोक चैनानी, तौसीफ बिलाल अत्तार, शफी भीखन शेख, दानिश एजाज शेख, निदा एजाज खान और अन्य को आरोपी बनाया गया है।
इसके अलावा, एसआईटी ने देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में बीएनएस और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज एक अलग मामले में भी 1,500 पृष्ठों का आरोपपत्र दाखिल किया था। उस आरोपपत्र में दानिश एजाज शेख, तौसीफ बिलाल अत्तार, निदा एजाज खान और मतीन मजीद पटेल को आरोपी के रूप में नामित किया गया है।