उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के तीन शोधार्थियों के महत्वपूर्ण अध्ययन, ग्रामीण विकास और मिट्टी की उर्वरता पर सामने आए नए तथ्य

Share

- Advertisement -

Uttarakhand News: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) के तीन शोधार्थियों ने वाणिज्य, रसायन विज्ञान और गणित के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शोध कार्य पूरे किए हैं। इन अध्ययनों में गढ़वाल के ग्रामीण विकास पर सरकारी योजनाओं के प्रभाव, नैनीताल व अल्मोड़ा की मिट्टी की उर्वरता और आधुनिक गणित के जटिल सिद्धांतों को सुलझाने से जुड़े अहम निष्कर्ष सामने आए हैं।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) के वाणिज्य विभाग के शोधार्थी किरण कुमार ने गढ़वाल क्षेत्र के ग्रामीण विकास में सरकारी वित्तीय समावेशन योजनाओं के प्रभाव पर अपना शोध पूरा किया है। देहरादून और टिहरी जिलों के 598 लाभार्थियों पर आधारित इस अध्ययन के अनुसार, क्षेत्र के 98 प्रतिशत ग्रामीणों के पास बैंक खाते हैं और 71 प्रतिशत उत्तरदाताओं के जीवन स्तर में सुधार दर्ज किया गया है।

शोध में यह प्रमुख तथ्य सामने आया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के लाभार्थियों की आय में 32 प्रतिशत और स्टैंड-अप इंडिया से स्वरोजगार में 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके बावजूद, 95 प्रतिशत लोगों के पास बचत खाते होने के बाद भी 32 प्रतिशत ग्रामीण किसी प्रमुख सरकारी योजना से नहीं जुड़ पाए हैं। वहीं, मात्र 8.7 प्रतिशत लोगों को ही ऋण विकल्पों की सही जानकारी है।

वित्तीय समावेशन के आंकड़े और प्रमुख चुनौतियां

वर्ष 2015-16 से 2024-25 तक के आंकड़ों पर आधारित किरण कुमार के इस शोध के मुताबिक, राज्य में वर्ष 2025 तक जनधन योजना के 16.8 लाख खाते खुल चुके हैं, जिनमें 55 प्रतिशत से अधिक खाते महिलाओं के हैं। राज्य में मुद्रा योजना के तहत 2,953.58 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है और सुकन्या समृद्धि योजना के 12.67 लाख खातों में 2,612.8 करोड़ रुपये जमा हुए हैं।

सर्वेक्षण में 51 प्रतिशत लोग ऑनलाइन बैंकिंग का उपयोग करते पाए गए। योजनाओं की जानकारी के मामले में जनधन योजना (82 प्रतिशत) शीर्ष पर रही, जबकि अटल पेंशन (53 प्रतिशत), मुद्रा (46 प्रतिशत), स्टैंड-अप इंडिया (36 प्रतिशत) और सुकन्या समृद्धि योजना (16 प्रतिशत) काफी पीछे रहीं।

शोध में पाया गया कि शिक्षित और संपन्न वर्ग योजनाओं का अधिक लाभ उठा रहे हैं, जबकि कम वित्तीय साक्षरता, दुर्गम पहाड़ी भूगोल, कमजोर डिजिटल नेटवर्क और जटिल कागजी प्रक्रिया बड़ी बाधाएं हैं। अध्ययन में सिफारिश की गई है कि वंचित वर्गों तक लाभ पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायतों और स्कूल-कॉलेजों में वित्तीय साक्षरता शिविर लगाए जाएं, स्थानीय भाषाओं में प्रचार हो तथा ऋण प्रक्रिया को सरल बनाकर तय समय-सीमा में ऋण उपलब्ध कराया जाए।

अल्मोड़ा की मिट्टी में मिली भारी धातुएं, नैनीताल की भूमि अधिक उपजाऊ

रसायन विज्ञान की शोधार्थी हिमानी तिवारी पांडे के शोध में सामने आया है कि अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों की मिट्टी खेती के अनुकूल है, लेकिन दोनों की उर्वरता में बड़ा अंतर है। चारों ऋतुओं में कृषि, बंजर और वन भूमि की जांच के बाद पाया गया कि ठंडे मौसम और घने जंगलों के कारण नैनीताल की मिट्टी में नमी रोकने की क्षमता, जैविक कार्बन और सूक्ष्म पोषक तत्व अधिक हैं।

इसके विपरीत, अल्मोड़ा की मिट्टी में पोटेशियम अधिक है, लेकिन जल धारण क्षमता कम है। चिंताजनक बात यह है कि अल्मोड़ा की मिट्टी में सीसा और पारा जैसी भारी धातुओं का स्तर अधिक मिला है। शोध में पर्यावरण सुरक्षा के लिए इनकी सतत निगरानी और जैविक खाद के उपयोग की सिफारिश की गई है।

गणित के फिक्स्ड प्वाइंट थ्योरी में राधा जोशी का नया योगदान

शोधार्थी राधा जोशी ने गणित की महत्वपूर्ण शाखा फिक्स्ड प्वाइंट थ्योरी (निश्चित बिंदु सिद्धांत) में कई नए और उपयोगी परिणाम प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने ‘मेट्रिक स्पेस और जनरलाइज्ड मेट्रिक स्पेस में फिक्स्ड प्वाइंट प्रमेयों से जुड़ी कुछ समस्याएं’ विषय पर अपना शोध कार्य पूरा किया है।

राधा जोशी ने अपने शोध में गणितीय संरचनाओं (मैपिंग्स) के पूरे समूह के लिए एक ऐसा सामान्य स्थिर बिंदु सिद्ध किया है, जो सभी पर समान रूप से लागू होता है और अपने आप में अद्वितीय है। उनके शोध की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उन्होंने ऐसे नए सिद्धांत विकसित किए हैं, जो निरंतर और अनिरंतर दोनों तरह की गणितीय प्रक्रियाओं को एक साथ हल करने में सक्षम हैं। यह शोध भविष्य में कंप्यूटर विज्ञान, अर्थशास्त्र और इंजीनियरिंग की जटिल समस्याओं को सुलझाने में सहायक सिद्ध होगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News