Lucknow News: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा रद्द होने के वायरल नोटिस को पूरी तरह फर्जी बताया है। विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत यह परीक्षा अपने तय कार्यक्रम के अनुसार 3 और 4 दिसंबर 2026 को ही आयोजित होगी। आयोग ने फर्जी नोटिस फैलाने वालों के खिलाफ प्रयागराज में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश में सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक नोटिस से असमंजस की स्थिति बन गई थी। व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए जा रहे इस पत्र में दावा किया गया था कि 3 और 4 दिसंबर 2026 को होने वाली परीक्षा रद्द कर दी गई है। अब उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने इस वायरल सूचना का खंडन करते हुए इसे पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत करार दिया है।
तय तारीखों पर ही होगी भर्ती परीक्षा
आयोग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राइमरी और प्राथमिक शहरी) की भर्ती परीक्षा के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह परीक्षा अपने पूर्व निर्धारित समय के अनुसार 3 और 4 दिसंबर 2026 को ही आयोजित की जाएगी। इस भर्ती के लिए विज्ञापन 15 सितंबर 2026 को जारी किया गया था और सभी परीक्षा तैयारियां तय समय के मुताबिक चल रही हैं।
नकली लेटरहेड और जाली हस्ताक्षर से फैलाई गई अफवाह
यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग के अनुसार, कुछ अराजक तत्वों ने अभ्यर्थियों को गुमराह करने के उद्देश्य से आयोग के आधिकारिक लेटरहेड, लोगो और उपसचिव संजय कुमार सिंह के जाली हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर ‘महत्वपूर्ण सूचना’ के नाम से एक फर्जी पत्र तैयार किया और उसे वायरल कर दिया।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फर्जी सूचना प्रसारित करने वाले अज्ञात व्यक्तियों या संस्थाओं के खिलाफ प्रयागराज के थाना कर्नलगंज में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उपसचिव संजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि परीक्षा से जुड़ा कोई भी परिवर्तन नहीं हुआ है।
आधिकारिक स्रोतों से ही प्राप्त करें जानकारी
आयोग ने अभ्यर्थियों और आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले किसी भी अपुष्ट नोटिस पर भरोसा न करें और न ही उसे आगे साझा करें। भर्ती, परीक्षा कार्यक्रम या प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारियां केवल आयोग की वेबसाइट upessc.up.gov.in और आधिकारिक एक्स (X) हैंडल @upesscprayagraj पर ही जारी की जाती हैं।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी भ्रामक संदेश या पीडीएफ से विचलित होने के बजाय सीधे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के ‘नोटिस बोर्ड’ सेक्शन की जांच करें और अपनी तैयारी जारी रखें।