मुंबई की जिनिया चटर्जी ने जीती 60 दिनों की अनोखी ‘स्लीप इंटर्नशिप’, इनाम में मिले 9.6 लाख रुपये

Share

- Advertisement -

New Delhi News: मुंबई की जिनिया चटर्जी ने वेकफिट (Wakefit) की अनोखी ‘स्लीप इंटर्नशिप’ के पांचवें सीजन का खिताब जीत लिया है। दो महीने (60 दिन) तक चली इस प्रतियोगिता में विभिन्न टास्क और नींद के पैटर्न से जुड़ी चुनौतियां पूरी करने के बाद उन्हें 9.6 लाख रुपये की इनामी राशि और स्पॉन्सर्ड छुट्टियों का पुरस्कार मिला है।

देशभर से प्राप्त दो लाख से अधिक आवेदनों में से अंतिम 10 प्रतिभागियों को इस दो महीने की इंटर्नशिप के लिए चुना गया था। आम ऑफिस इंटर्नशिप से अलग, इसमें प्रतिभागियों को अपनी नींद के पैटर्न, आराम की आदतों और तय मानकों पर ध्यान केंद्रित करना था।

क्या-क्या टास्क करने पड़े इस अनोखी इंटर्नशिप में?

इस 60 दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को केवल बिस्तर पर सोना नहीं था, बल्कि हर सप्ताह कई रचनात्मक चुनौतियां भी पूरी करनी थीं:

  • स्लीप सिनेमा: इसमें प्रतिभागियों को प्रसिद्ध फिल्मी दृश्यों को नींद की थीम से जोड़कर प्रस्तुत करना था।
  • स्लीप बिंगो: इसके तहत प्रतिभागियों की रोजमर्रा की सोने की आदतों का आकलन किया गया।
  • अंडरकवर स्लीप मिशन: इसमें सामान्य बातचीत के दौरान बिना किसी को शक हुए ‘ब्लैंकेट’ या ‘पिलो’ जैसे शब्दों का 10 बार इस्तेमाल करना था।

हर सप्ताह बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को ‘प्रो स्लीपर ऑफ द वीक’ के खिताब से नवाजा गया।

ग्रैंड फिनाले में चार प्रतिभागियों के बीच हुआ मुकाबला

लगभग दो महीने की प्रक्रिया के बाद मुंबई की जिनिया चटर्जी, रत्नागिरी के मणिकंदन और मेहेक खोत ने टॉप-3 में जगह बनाई। वहीं, हैदराबाद के करीम खान को वाइल्ड कार्ड के जरिए फिनाले में प्रवेश मिला।

ग्रैंड फिनाले में चारों प्रतिभागियों के बीच ‘मेमरी फोम चैलेंज’ हुआ, जिसमें एक तस्वीर देखकर ठीक वैसा ही बेडरूम तैयार करना था। इसके बाद ‘स्लीप ऑक्शन’ आयोजित किया गया, जहां प्रतिभागियों ने तकिए, कंबल, एसी, लाइटिंग और साउंड जैसी चीजों पर बोली लगाई। अंत में नींद के स्कोर और सभी चुनौतियों के प्रदर्शन के आधार पर जिनिया चटर्जी विजेता घोषित की गईं।

2019 में शुरू हुई थी यह पहल

वेकफिट ने लोगों को अच्छी और पर्याप्त नींद के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वर्ष 2019 में इस स्लीप इंटर्नशिप की शुरुआत की थी। कंपनी के अनुसार, शुरुआती चार सीजन में 10 लाख से अधिक आवेदन आए थे और 65 इंटर्न्स को एक-एक लाख रुपये का स्टाइपेंड दिया गया था। पांचवें सीजन में इनाम की राशि बढ़ाकर 9.6 लाख रुपये कर दी गई। कंपनी ने इसके छठे सीजन के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिया है, जिसकी शर्तें और समय-सीमा आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर देखी जा सकती हैं।

Read more

Related News