हिमाचल में फिर महंगा हुआ सीमेंट: प्रति बोरी 10 रुपये तक बढ़ने जा रहे हैं दाम, मकान बनाना होगा महंगा

Share

- Advertisement -

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में घर बनाने की सोच रहे लोगों को जल्द ही महंगाई का एक और बड़ा झटका लगने वाला है। प्रदेश में सीमेंट के दाम प्रति बोरी 10 रुपये तक बढ़ने की तैयारी है, जो इसी सप्ताह से लागू हो सकते हैं। अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी ने इस संबंध में डीलरों को सूचना भेज दी है।

420 से बढ़कर 430 रुपये तक पहुंचेगी कीमत

इससे पहले सीमेंट कंपनियां दो चरणों में पांच-पांच रुपये की बढ़ोतरी कर चुकी हैं। वर्तमान में कांगड़ा, मंडी और बिलासपुर जिलों में सीमेंट का भाव 420 रुपये प्रति बोरी चल रहा है, जो बढ़ोतरी के बाद 430 रुपये हो जाएगा। वहीं, कुल्लू में कीमतें करीब 450 रुपये प्रति बैग तक पहुंचने की बात कही जा रही है। लगातार बढ़ती महंगाई के चलते पिछले तीन महीनों से निर्माण कार्यों की गति काफी धीमी है और ग्राहक नए निर्माण कार्य शुरू करने से कतरा रहे हैं।

जीएसटी राहत के बाद फिर बढ़ रहे दाम

स्थानीय निवासियों पंकज कुमार, संजय शर्मा, राकेश कुमार और सुरेश ठाकुर ने चिंता जताते हुए कहा कि जीएसटी दरों में कटौती के बाद सीमेंट करीब 60 रुपये प्रति बैग सस्ता हुआ था। हालांकि, अब कंपनियां छोटी-छोटी वृद्धियों के जरिए कीमतों को वापस पुराने स्तर पर ले जा रही हैं, जिससे आम आदमी के लिए मकान बनाना और उसकी मरम्मत करवाना बेहद महंगा साबित हो रहा है।

जोगेंद्रनगर के डीलरों ने की पुष्टि

आम जनता ने सरकार से मांग की है कि सीमेंट कंपनियों की मनमानी पर रोक लगाई जाए और बार-बार हो रही मूल्यवृद्धि पर अंकुश लगाया जाए। लोगों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में तीन बड़ी सीमेंट कंपनियों का उत्पादन होने के बावजूद स्थानीय उपभोक्ताओं को सस्ती दरों का सीधा लाभ नहीं मिल पा रहा है। उधर, जोगेंद्रनगर में अल्ट्राटेक के डीलर बलदेव और रितेश ने कंपनी की ओर से सीमेंट के दाम बढ़ाने के निर्देश मिलने की पुष्टि की है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News