Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरिपार इलाके स्थित शिल्ला गांव में एक अनोखी शादी चर्चा में है। यहां एक ही परिवार के चार भाइयों ने एक साथ बारात निकाली और एक ही मुहूर्त में एक ही मंडप के नीचे चार दुल्हनों के साथ सात फेरे लिए।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरिपार इलाके के शिल्ला गांव में हुई एक सामूहिक शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक ही परिवार के चार भाइयों ने एकसाथ बारात निकाली और एक ही मुहूर्त में एक ही मंडप के नीचे चार दुल्हनों के साथ सात फेरे लिए। शादी की सभी रस्में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुईं।
चार भाइयों और चार दुल्हनों का विवाह
जानकारी के अनुसार, शिल्ला गांव निवासी प्रताप चौहान और उनके भाई सुरेंद्र सिंह ने अपने चारों बेटों का विवाह धूमधाम से किया। प्रताप चौहान के बड़े बेटे भवान सिंह ने मटियाना की शिवानी के साथ सात फेरे लिए, जबकि उनके फौजी बेटे रविंद्र का विवाह दुगाना गांव की रवीना के साथ संपन्न हुआ।
इसी तरह, सुरेंद्र सिंह के बेटे विजय चौहान ने बालीकोटी की प्रमिला के साथ विवाह रचाया और उनके दूसरे बेटे अजय ने बिराखना गांव की सुनीता के साथ सात फेरे लिए। घर से चारों दूल्हों की बारात एकसाथ निकली और फेरों के बाद चारों नवविवाहित दुल्हनों ने एकसाथ गृह प्रवेश किया। परिवार के बुजुर्गों ने सभी नवदंपतियों को सुखी जीवन का आशीर्वाद दिया।
पहले भी चर्चा में रही हैं गिरिपार की शादियां
सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र में इससे पहले भी ऐसी अनोखी शादियां चर्चा में रह चुकी हैं। दिसंबर 2024 में गिरिपार के कमरऊ क्षेत्र स्थित मुनाणा गांव में भी चार भाइयों की बारात एकसाथ निकली थी और चारों दुल्हनों ने एक ही दिन गृह प्रवेश किया था।
इसके अलावा, 12 मार्च 2025 को शिलाई क्षेत्र में दो भाइयों द्वारा एक ही दुल्हन से शादी करने का मामला भी देश-दुनिया में सुर्खियों में रहा था। यह विवाह स्थानीय ‘सिरमौरी जोड़ीदार प्रथा’ के तहत संपन्न हुआ था।