Shimla News: अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में इस बार पहाड़ी उत्पादों की खुशबू और पारंपरिक व्यापार की रौनक देखते ही बन रही है। मेले में किन्नौर से पहुंचे व्यापारियों के ड्राई फ्रूट्स स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां प्राकृतिक रूप से मिलने वाली गुच्छी का भाव 15 हजार रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है, जबकि काला जीरा 3,500 रुपये और चिलगोजा 2,000 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
मेले में किन्नौर के व्यापारियों ने अपने स्टॉल सजाए हैं। इन स्टॉलों पर चिलगोजा, अखरोट, बादाम, राजमा, काला जीरा, गुच्छी, शिलाजीत और सूखी खुबानी जैसे पहाड़ी उत्पाद लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। हालांकि, इन उत्पादों की ऊंची कीमतें भी खरीदारों को हैरान कर रही हैं।
क्यों महंगे होते हैं किन्नौर के पहाड़ी उत्पाद?
अप्पर किन्नौर से आए व्यापारी प्रेम नेगी ने बताया कि किन्नौर के ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों में चिलगोजा, गुच्छी और अन्य प्राकृतिक उत्पाद सीमित मात्रा में उपलब्ध होते हैं। इनका संग्रह करना भी आसान नहीं है। कई उत्पादों को एकत्रित करने के लिए व्यापारियों और स्थानीय लोगों को कठिन पहाड़ी रास्तों और जंगलों तक पहुंचना पड़ता है।
मौसम की परिस्थितियां, सीमित पैदावार, संग्रहण में लगने वाली मेहनत और बाजार तक पहुंचाने का खर्च इनकी कीमत को प्रभावित करता है। कोठी किन्नौर के व्यापारी मनमोहन नेगी ने कहा, “इस बार चिलगोजे की पैदावार कम होने के कारण इसके दाम में तेजी देखने को मिल रही है। इस बार चिलगोजा करीब 2000 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। हालांकि, अन्य पहाड़ी उत्पादों के दाम में पिछले साल की तुलना में बहुत ज्यादा इजाफा नहीं हुआ है।”
सालभर देश के अलग-अलग मेलों में पहुंचते हैं व्यापारी
कारोबारी कांता देवी, रोहित नेगी और करमा नेगी ने बताया कि वे केवल चार दिनों के लवी मेले तक सीमित नहीं रहते, बल्कि सालभर देश के अलग-अलग हिस्सों में लगने वाले मेलों और प्रदर्शनियों में अपने स्टॉल सजाते हैं। पहाड़ी उत्पादों की गुणवत्ता और विशिष्ट पहचान के कारण देशभर से ग्राहक हर साल इन व्यापारियों से उत्पाद खरीदने के लिए खास तौर पर मेलों में आते हैं।
गुच्छी से शिलाजीत तक, जानिए प्रमुख उत्पादों के दाम
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में किन्नौर के व्यापारियों के स्टॉल पर उपलब्ध प्रमुख उत्पादों के भाव इस प्रकार हैं-
- गुच्छी: 15,000 रुपये प्रति किलो
- काला जीरा: 3,500 रुपये प्रति किलो
- चिलगोजा: 2,000 रुपये प्रति किलो
- नेवजा: 2,000 रुपये प्रति किलो
- शिलाजीत: 1,000 रुपये प्रति तोला
- बादाम: 500 से 1,500 रुपये प्रति किलो
- अखरोट: 400 से 800 रुपये प्रति किलो
- राजमा: 400 रुपये प्रति किलो
- सूखी खुबानी: 300 से 600 रुपये प्रति किलो
एक महीने तक जारी रहेगा व्यापारिक सिलसिला
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला सदियों से हिमाचल प्रदेश और तिब्बत के बीच होने वाले पारंपरिक व्यापार की पहचान रहा है। महंगे दामों के बावजूद इन पारंपरिक उत्पादों की अपनी अलग पहचान और मांग बनी हुई है।
गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का आगाज हर साल 11 नवंबर को होता है और आधिकारिक तौर पर चार दिनों तक चलने के बाद 14 नवंबर को इसका समापन होता है। हालांकि, व्यापार के लिए यह मेला करीब एक महीने तक जारी रहता है, जहां दूर-दराज से लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं।