Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को कोटखाई उपमंडल के उबादेश क्षेत्र में दो प्रमुख विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें 1.21 करोड़ रुपये की लागत से बनी उठाऊ पेयजल योजना और 87.34 लाख रुपये की लागत से निर्मित संपर्क मार्ग शामिल है। इस अवसर पर ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
शिक्षा मंत्री ने सर्वप्रथम 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से निर्मित रामनगर खड्ड से खोला कुईनल उठाऊ पेयजल योजना को जनता को समर्पित किया। इस योजना के शुरू होने से खोला कुईनल के साथ-साथ ग्राम पंचायत नगाण और आसपास के गांवों के लोगों को पेयजल सुविधा मिलेगी।
इस दौरान रोहित ठाकुर ने कहा कि मौसम की बदलती परिस्थितियों और बढ़ती जनसंख्या के कारण प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव बढ़ा है, जिससे जल, वायु और फसल चक्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि पारंपरिक जल स्रोत या तो सूख चुके हैं या फिर लोगों की जरूरतों को पूरा करने में असमर्थ हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए इस पेयजल योजना का निर्माण किया गया है।
उन्होंने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से सिंचाई और पेयजल परियोजनाएं तैयार की गई हैं। इनमें 38.08 करोड़ रुपये की लागत से बनी 17 किलोमीटर लंबी पब्बर नदी उठाऊ पेयजल योजना सबसे प्रमुख है, जिससे जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की लगभग 23 पंचायतें लाभान्वित हो रही हैं। क्षेत्र में चल रही अन्य जल परियोजनाओं को भी शीघ्र पूरा किया जाएगा।
87.34 लाख से बने लखवी-शमुखर संपर्क मार्ग का उद्घाटन
सड़क संपर्क को मजबूत करते हुए शिक्षा मंत्री ने लगभग 87.34 लाख रुपये की लागत से निर्मित लखवी-शमुखर संपर्क मार्ग का भी लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि इस मार्ग की मांग स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। इसके बनने से कोटखाई और ठियोग दोनों क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
पहले उबादेश क्षेत्र के निवासियों को शर्मला पहुंचने के लिए छैला होकर लंबा सफर तय करना पड़ता था, लेकिन अब इस नए संपर्क मार्ग से दूरी काफी कम हो जाएगी। रोहित ठाकुर ने जानकारी दी कि वर्तमान में जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में सड़क और भवन निर्माण कार्यों पर 850 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जो आने वाले समय में 1,000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।
शर्मला में डोम देवता के किए दर्शन, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने शर्मला पहुंचकर डोम देवता का आशीर्वाद लिया तथा क्षेत्र की खुशहाली और उन्नति की कामना की। रोहित ठाकुर ने कहा कि डोम देवता कोटखाई और ठियोग दोनों क्षेत्रों के लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने यह भी स्मरण किया कि शर्मला और पूरे उबादेश क्षेत्र से दिवंगत नेता ठाकुर राम लाल का गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा है।
वहीं, विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने सड़क निर्माण के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि शर्मला कोटखाई और ठियोग की सामूहिक आस्था का केंद्र है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में इस स्थान को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, कलबोग वार्ड से जिला परिषद सदस्य रेखा चौहान, कोटखाई बीडीसी अध्यक्ष विजय राजटा, उपाध्यक्ष सुनील राजटा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।