आईआईटी मंडी की पूर्व छात्रा डॉ. प्रियंका काजल ने बढ़ाया देश का मान, अंतरराष्ट्रीय टॉप-100 ब्रिक्स उद्यमी पुरस्कार के लिए चयनित

Share

- Advertisement -

Mandi News: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मंडी की पूर्व छात्रा और वाटसाइकिल सस्टेनेबल सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की सह-संस्थापक डॉ. प्रियंका काजल को दूसरे अंतरराष्ट्रीय टॉप-100 ब्रिक्स उद्यमी पुरस्कार 2026 के विजेताओं में चुना गया है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र की मूल निवासी डॉ. प्रियंका को पर्यावरण एवं सतत विकास श्रेणी के अंतर्गत सोलर पैनल रीसाइक्लिंग और सतत नवाचार में उत्कृष्ट कार्य के लिए यह सम्मान मिला है।

तीन दिसंबर को रूस की राजधानी मास्को में आयोजित होने वाले एक अंतरराष्ट्रीय समारोह में डॉ. प्रियंका को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में ब्रिक्स देशों के प्रमुख उद्यमी और नीति निर्माता शामिल होंगे।

आईआईटी मंडी के शोध से पड़ी स्टार्टअप की नींव

आईआईटी मंडी से पीएचडी करने वाली डॉ. प्रियंका के स्टार्टअप ‘वाटसाइकिल’ को संस्थान के प्रौद्योगिकी व्यवसाय इनक्यूबेटर ‘कैटलिस्ट’ (Catalyst) में इनक्यूबेट किया गया है। इस स्टार्टअप की नींव संस्थान के प्रो. सत्वशील आर. पवार और प्रो. अतुल धर के मार्गदर्शन में किए गए शोध कार्य से पड़ी थी।

वर्तमान में यह स्टार्टअप सोलर फोटोवोल्टिक (PV) लाइफसाइकिल प्रबंधन के क्षेत्र में अत्याधुनिक समाधान विकसित कर रहा है। इसमें इंटेलिजेंट हेल्थ मॉनिटरिंग, ड्रोन आधारित डायग्नोस्टिक्स और पुराने व बेकार हो चुके सोलर पैनलों की वैज्ञानिक रीसाइक्लिंग जैसी नवीन तकनीकें शामिल हैं।

‘रिवाइव सोलर’ पहल से सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा

स्टार्टअप की एक प्रमुख पहल ‘रिवाइव सोलर’ है, जिसे जीआईसी आरई (GIC Re) के सीएसआर कार्यक्रम का सहयोग प्राप्त है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रयोगशाला के शोध को पायलट स्तर की तकनीक में बदलना है, ताकि सोलर कचरे के सुरक्षित प्रबंधन और संसाधन रिकवरी के माध्यम से सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा दिया जा सके।

आईआईटी मंडी प्रबंधन ने डॉ. प्रियंका को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे युवा शोधार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News