Shimla News: हिमाचल प्रदेश के रामपुर बुशहर क्षेत्र के चाटी स्थित क्वार्टर में एचआरटीसी (HRTC) रामपुर डिपो के एक 46 वर्षीय चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। साथी कर्मचारियों ने उन्हें कमरे में अचेत अवस्था में पाया, जिसके बाद अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान संतोष कुमार (46) पुत्र स्वर्गीय रमेश चंद के रूप में हुई है। वे मूल रूप से मंडी जिले की सरकाघाट तहसील के अंतर्गत गांव लूणाधा, डाकघर फतेहपुर के निवासी थे और वर्तमान में एचआरटीसी के रामपुर डिपो में चालक के पद पर कार्यरत थे।
साथी कर्मचारियों ने अस्पताल पहुंचाया
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 12 नवंबर को सामने आई। संतोष कुमार चाटी स्थित अपने क्वार्टर में गए थे। इसी दौरान परिचालक आकाश कौंडल और प्रकाश बहादुर ने उन्हें कमरे के भीतर बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। दोनों साथी कर्मचारियों ने तुरंत संतोष कुमार को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (MGMSC) खनेरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
सूचना मिलते ही ब्रौ थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और शव का निरीक्षण कर आवश्यक फोटोग्राफी की। पुलिस जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदय गति रुकना (हार्ट अटैक) माना जा रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। फिलहाल परिजनों या किसी अन्य व्यक्ति की ओर से मौत को लेकर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।