Shimla: राजधानी शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में शुक्रवार से तीन दिवसीय सामूहिक कला प्रदर्शनी ‘द सेवन रिजेस’ का भव्य आगाज हो गया है। 13 से 15 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में सात कलाकार अपनी अनूठी कलात्मक शैलियों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों के जरिए कला प्रेमियों को आकर्षित कर रहे हैं।
कांगड़ा की लघु चित्रकला बनी मुख्य आकर्षण
शिमला की सात पहाड़ियों से प्रेरित इस प्रदर्शनी में पारंपरिक पहाड़ी कला, आधुनिक चित्रकारी, मूर्तिकला, क्राफ्ट और प्रिंटमेकिंग का खूबसूरत संगम देखने को मिल रहा है। इसमें कलाकार विक्रम एस. तमांग द्वारा प्रस्तुत कांगड़ा शैली की पारंपरिक लघु चित्रकलाएं लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई हैं। इन चित्रों में बारीक रेखाओं, प्राकृतिक रंगों और सूक्ष्म चित्रांकन के माध्यम से हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया गया है।
विभिन्न शैलियों और तकनीकों का अनूठा संगम
प्रदर्शनी में अन्य कलाकारों ने भी अपनी कला के जरिए विशेष छाप छोड़ी है। प्रवीण रावत की कलाकृतियों में हिमाचली संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, स्थानीय देवी-देवताओं और हिमालयी परिदृश्यों की गहरी झलक मिलती है। वहीं, आदित्य सिंह ठाकुर ने आधुनिक और रंगीन चित्रकारी के माध्यम से शिमला समेत अन्य पहाड़ी शहरों की बदलती पहचान को उकेरा है। मेघा चौहान ने मिट्टी की कलाकृतियों, मछली और सांप की आकृतियों, मोमबत्तियों, रेजिन आर्ट और सजावटी उत्पादों का प्रदर्शन किया है, जबकि विकास खाम की वाटरकलर से बनी फूलों की पेंटिंग भी दर्शकों को खूब भा रही हैं। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की पीएचडी शोधार्थी अश्विनी राणा ने पहाड़ों और प्राकृतिक दृश्यों को अपनी कल्पना और भावनाओं के जरिए प्रस्तुत किया है।
प्रिंटमेकिंग की पारंपरिक तकनीकों ने खींचा ध्यान
प्रदर्शनी में कलाकार विकास रॉय ने सेरिग्राफी, लिथोग्राफी और वुडकट जैसी प्रिंटमेकिंग की पारंपरिक तकनीकों का प्रदर्शन किया। उन्होंने इन तकनीकों की बारीकियों और रचनात्मक प्रक्रिया से दर्शकों को रूबरू करवाया, जिसे कला प्रेमियों ने बेहद करीब से समझा और सराहा।