Shimla: हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश से ठंड का असर काफी बढ़ गया है। रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रे पर आधा फीट ताजा हिमपात दर्ज किया गया है, जिसके चलते सुरक्षा के मद्देनजर वहां वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है। मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी है।
कम बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव
प्रदेश में इस साल नवंबर महीने के दौरान अमूमन मौसम सूखा ही रहा है। 13 दिनों के भीतर केवल 1.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य वर्षा (7.6 मिलीमीटर) की तुलना में करीब 84 प्रतिशत कम है। हालांकि, पिछले चौबीस घंटों में कुछ पर्वतीय और मैदानी इलाकों में तापमान में बदलाव देखा गया है। कल्पा में अधिकतम तापमान 4.8 डिग्री, मनाली में 2.7 डिग्री और कुफरी में 1.9 डिग्री तक लुढ़क गया है, जबकि बिलासपुर, भुंतर और कांगड़ा में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके विपरीत, न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री तक अधिक रिकॉर्ड किया गया है, जिसमें मंडी में 4.8 डिग्री और चंबा में 4.1 डिग्री की वृद्धि आई है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में -2.4 डिग्री दर्ज किया गया है।
प्रमुख शहरों का तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, प्रमुख स्थानों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा:
- शिमला: न्यूनतम 11.5°C, अधिकतम 18.0°C
- सुंदरनगर: न्यूनतम 12.2°C, अधिकतम 25.0°C
- भुंतर: न्यूनतम 11.4°C, अधिकतम 24.3°C
- कल्पा: न्यूनतम 5.3°C, अधिकतम 11.2°C
- धर्मशाला: न्यूनतम 11.8°C, अधिकतम 23.0°C
- कांगड़ा: न्यूनतम 15.0°C, अधिकतम 26.5°C
- ऊना: न्यूनतम 11.5°C, अधिकतम 30.6°C
- नाहन: न्यूनतम 11.6°C, अधिकतम 24.3°C
- सोलन: न्यूनतम 10.0°C, अधिकतम 24.7°C
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के मुताबिक, चंबा के कुछ हिस्सों में आंधी चलने की चेतावनी दी गई है। ऊंचे क्षेत्रों में छिटपुट बर्फबारी और वर्षा की संभावना है, जबकि 15 नवंबर के बाद से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह से साफ रहने का अनुमान जताया गया है।