Agra News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक तेज रफ्तार मिनी बस (ट्रैवलर) आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। फतेहाबाद क्षेत्र में हुए इस भीषण सड़क हादसे में मिनी बस में सवार 13 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस चालक सुरक्षित बच गया। सूचना पर पहुंची यूपीडा की टीम ने सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भिजवाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मिनी बस ट्रैवलर यात्रियों को लेकर अयोध्या से आगरा की ओर जा रही थी। बस को गुजरात के सूरत निवासी धीरज पाटिल (पुत्र सुरेश) चला रहे थे। शनिवार सुबह करीब चार बजे जब बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 37.100 के पास पहुंची, तभी आगे चल रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और 13 लोगों को गंभीर चोटें आईं।
एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए गए सभी 13 घायल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। राहत कार्य शुरू करते हुए यूपीडा की एंबुलेंस से सभी घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
हादसे में घायल हुए यात्रियों की पहचान प्रदीप (पुत्र किशन), मनोहर (पुत्र शिंदे), जनकबेन (पत्नी कीरत सिंह), उमाबेन (पत्नी प्रदीप सिंह), पदमबेन (पत्नी सुरेंद्र सिंह), उर्वशीबेन (पत्नी पलिया), किंटू कुमारी, कीरत सिंह, पृथ्वी (पुत्र वीरेंद्र सिंह), कृरूठा (पुत्री वीरेंद्र सिंह), बरसाबेन (पत्नी मनोहर सिंह), रेणुकाबेन (पत्नी इंद्र सिंह) और हीना बेन (पत्नी करनवा) के रूप में हुई है।
पुलिस चौकी पर खड़ा कराया गया दुर्घटनाग्रस्त वाहन
दुर्घटना में मिनी बस का चालक धीरज पाटिल सुरक्षित है। पुलिस और यूपीडा की टीम ने यातायात सुचारु कराने के साथ ही क्षतिग्रस्त मिनी बस को यात्रियों के सामान सहित चालक धीरज पाटिल की निगरानी में संबंधित पुलिस चौकी पर खड़ा करा दिया है।