Faridabad News: हरियाणा में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए हरियाणा राज्य नशा नियंत्रण ब्यूरो (एचएसएनसीबी) ने अपना जनजागरण अभियान तेज कर दिया है। ब्यूरो द्वारा जनवरी से अक्टूबर 2026 तक प्रदेश भर में कुल 487 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 1,15,011 लोगों ने सक्रिय भागीदारी की।
इस व्यापक अभियान के तहत युवाओं के साथ-साथ अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा किस प्रकार युवाओं की सेहत, शिक्षा, रोजगार और पूरे पारिवारिक जीवन को बर्बाद कर सकता है। इसके अतिरिक्त, लोगों को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के कड़े कानूनी प्रावधानों और नशीले पदार्थों की तस्करी पर मिलने वाली सजा की भी विस्तार से जानकारी दी गई।
बच्चों के व्यवहार में बदलाव पर नजर रखने की सलाह
जागरूकता सत्रों के दौरान अभिभावकों और शिक्षकों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई। उन्हें बताया गया कि यदि बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव दिखे, पढ़ाई के स्तर में गिरावट आए या वे बेवजह पैसे मांगने लगें, तो इन शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज न करें और समय रहते उन पर ध्यान दें।
हेल्पलाइन पर दें सूचना, पहचान रहेगी गोपनीय: डीआईजी राजेंद्र कुमार मीणा
एचएसएनसीबी के डीआईजी एवं फरीदाबाद के संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र कुमार मीणा ने समाज से इस मुहिम में जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा, “नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की कार्रवाई से नहीं जीती जा सकती, बल्कि इसके लिए समाज की भागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है। नशे के अवैध कारोबार की सूचना हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 या राष्ट्रीय मानस हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।”