Lucknow News: उत्तर प्रदेश के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) को नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से छह नए सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों के संचालन की मंजूरी मिल गई है। इन पाठ्यक्रमों में तीन वर्षीय डीएम और छह वर्षीय एमसीएच कोर्स शामिल हैं। इस फैसले के बाद अब एमबीबीएस उत्तीर्ण छात्र बिना एमएस किए सीधे छह वर्षीय कार्डियोवैस्कुलर एंड थोरेसिक सर्जरी (सीवीटीएस) एमसीएच कोर्स में दाखिला ले सकेंगे।
नेशनल मेडिकल कमीशन की ओर से संस्थान को छह विभिन्न चिकित्सा विषयों में डीएम और एमसीएच पाठ्यक्रमों में दाखिले की अनुमति दी गई है। इनमें हेमेटोपैथोलॉजी, मैटरनल एंड फीटल मेडिसिन और पेन मेडिसिन में तीन वर्षीय डीएम कोर्स शामिल हैं। वहीं, रेडियोथेरेपी एंड ऑन्कोलॉजी, कार्डियोवैस्कुलर एंड थोरेसिक सर्जरी (सीवीटीएस) और पीडियाट्रिक यूरोलॉजी में छह वर्षीय कार्यक्रमों को स्वीकृति मिली है।
यूपी का पहला हेमेटोपैथोलॉजी डीएम कोर्स शुरू करने वाला संस्थान
एसजीपीजीआई के निदेशक प्रो. डॉ. आरके धीमान ने बताया कि हेमेटोपैथोलॉजी में डीएम कोर्स शुरू करने वाला एसजीपीजीआई उत्तर प्रदेश का पहला संस्थान बन गया है। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से थैलेसीमिया, हीमोफीलिया और अप्लास्टिक एनीमिया जैसी गंभीर रक्त संबंधी बीमारियों के विशेषज्ञ तैयार होंगे, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।
इसके साथ ही संस्थान में मैटरनल एंड फीटल मेडिसिन में देश का पहला तीन वर्षीय डीएम कोर्स शुरू किया जा रहा है। इस कोर्स के तहत भ्रूण को एक मरीज के रूप में देखते हुए प्रीनेटल डायग्नोस्टिक्स, फीटल थेरेपी और गर्भवती महिलाओं के जटिल रोगों के प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे मातृ मृत्यु दर, स्टिलबर्थ और नवजात मृत्यु दर को कम करने में सहायता मिलेगी।
क्रोनिक पेन और बच्चों के रोगों के इलाज को मिलेगी मजबूती
संस्थान में शुरू होने वाला पेन मेडिसिन का डीएम कोर्स देश के लगभग 30 प्रतिशत वयस्कों को प्रभावित करने वाले क्रोनिक पेन की समस्या के समाधान में सहायक होगा। इसमें दवाओं से लेकर आधुनिक चिकित्सा प्रक्रियाओं तक समग्र दर्द प्रबंधन (कॉम्प्रिहेंसिव पेन मैनेजमेंट) का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, देश में पहली बार सीवीटीएस में छह वर्षीय एमसीएच पाठ्यक्रम शुरू हो रहा है, जिसमें एमबीबीएस के बाद सीधा प्रवेश मिलेगा और एमएस डिग्री की अनिवार्यता समाप्त होगी। पीडियाट्रिक यूरोलॉजी में एमसीएच की मंजूरी मिलने से बच्चों में होने वाली यूरोलॉजी संबंधी बीमारियों के इलाज को भी बढ़ावा मिलेगा। उल्लेखनीय है कि एसजीपीजीआई ने देश का पहला समर्पित पीडियाट्रिक यूरोलॉजी विभाग स्थापित किया है।