New Delhi News: बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी देने के मामले में नया ऑडियो सामने आया है, जिसमें बातचीत न करने पर जान से मारने की बात कही गई है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी जांच के आधार पर बेंगलुरु से आरोपी वैभव चंद्र मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है।
बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना से जुड़ा एक कथित ऑडियो टेप सामने आया है, जिसमें संदेश भेजने वाला खुद को लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई ‘अनिल पंडित’ बता रहा है। वह अभिनेता से बातचीत करने और मामला सुलझाने का दबाव बना रहा है। इस बीच मुंबई क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है।
बातचीत और समझौते का बनाया दबाव
सामने आए ऑडियो में कॉल करने वाला व्यक्ति आयुष्मान खुराना से बातचीत करने और मामले को सुलझाने की बात कह रहा है। उसने ऑडियो संदेश में कहा कि उसने पहले भी फोन किया था, लेकिन कॉल नहीं उठाई गई और काट दी गई।
कथित ऑडियो में व्यक्ति कह रहा है, “अंशुमान साहब, मैं अनिल पंडित बोल रहा हूं, मैं लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई बोल रहा हूं। मैंने आपको फोन किया था लेकिन आपने फोन नहीं उठाया और फिर कॉल काट दी। कोई बात नहीं, आपको सिर्फ इतना संदेश देना है कि आप हमारे साथ बात कर लीजिए। अगर कोई सेटलमेंट करना है, तो वह कर लीजिए। अगर आप इसी तरह का रवैया दिखाना चाहते हैं, तो फिर टाइगर श्रॉफ के साथ जो घटना हुई है, वैसा ही कुछ आपके साथ भी हो सकता है।”
घर और वाहन की जानकारी होने का दावा
ऑडियो में आरोपी ने अभिनेता के निजी ठिकानों की जानकारी होने का भी दावा किया है। उसने कहा, “आपका चंडीगढ़ में कहां घर है, इसकी जानकारी भी हमें है। आप मुंबई में कहां रह रहे हैं, यह भी हमें पता है। आपकी बाइक का नंबर भी हमारे पास आ गया है।”
इसके साथ ही वह अभिनेता को पुलिस के पास न जाने और जल्द संपर्क करने का दबाव बनाता सुनाई दे रहा है। ऑडियो में कहा गया, “हमें सिर्फ एक बार आपसे बात करनी है। आप बात कर लीजिए, इसके बाद हम आपको ज्यादा परेशान नहीं करेंगे। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो हम समझ जाएंगे कि आप पुलिस के पास जाना चाहते हैं। जिन्होंने आपको सुरक्षा दी है, वे भी आखिर कब तक आपकी रक्षा कर पाएंगे? आपको हमसे बचने के लिए हर रोज किस्मत का साथ चाहिए, जबकि हमें नुकसान पहुंचाने के लिए सिर्फ एक दिन चाहिए।”
परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी
संदेश के अंत में अभिनेता और उनके परिवार को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ऑडियो में कहा गया कि यदि बात नहीं मानी गई तो परिवार के किसी भी सदस्य को निशाना बनाया जा सकता है, इसलिए बातचीत के जरिए मामला सुलझाना ही बेहतर होगा।
तकनीकी जांच के बाद बेंगलुरु से आरोपी गिरफ्तार
मुंबई क्राइम ब्रांच ने मामले की शिकायत मिलने के बाद तकनीकी निगरानी और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कर्नाटक के बेंगलुरु से 30 वर्षीय वैभव चंद्र मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पेशे से आईटी इंजीनियर है और मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए अभिनेता को धमकी भरे संदेश भेजे थे, जिसके बाद पुलिस ने लोकेशन ट्रैक कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस अब आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है।