बिलासपुर में दीपावली पर आगजनी से निपटने को अग्निशमन विभाग अलर्ट, 8 फायर टैंडर और विशेष टीमें तैनात

Share

- Advertisement -

Bilaspur News: दीपावली पर आग लगने की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए बिलासपुर अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। त्योहार पर बाजारों और धार्मिक स्थलों की भीड़ को देखते हुए जिलेभर में 8 फायर टैंडर, क्विक रिस्पांस वाहन और मोटरसाइकिलें तैनात की गई हैं। 75 कर्मचारी तीन शिफ्टों में तैनात रहेंगे और होमगार्ड की 6 कंपनियों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

दीपावली पर्व के दौरान संभावित आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए बिलासपुर जिला अग्निशमन विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। त्योहार के मद्देनजर बाजारों और धार्मिक स्थलों पर लोगों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसी को देखते हुए विभाग ने जिलेभर के विभिन्न अग्निशमन केंद्रों और चौकियों में कुल 8 फायर टैंडर तैनात किए हैं। इसके साथ ही संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तुरंत राहत कार्य शुरू करने के लिए क्विक रिस्पांस वाहनों और मोटरसाइकिलों का विशेष बंदोबस्त किया गया है।

विभागीय योजना के तहत बिलासपुर अग्निशमन केंद्र में 3 और झंडूता में 3 फायर टैंडर उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा श्री नयनादेवी और घुमारवीं में एक-एक फायर टैंडर तैनात किया गया है। इन दोनों स्थानों पर एक-एक क्विक रिस्पांस वाहन भी रखा गया है, ताकि आपात स्थिति में संकरे रास्तों पर राहत एवं बचाव कार्य में कोई रुकावट न आए। त्वरित आवाजाही के लिए बिलासपुर और झंडूता में एक-एक मोटरसाइकिल भी तैनात की गई है।

75 कर्मचारियों की तैनाती और होमगार्ड की 6 कंपनियां अलर्ट

आपात स्थिति में निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। व्यवस्था के अनुसार बिलासपुर केंद्र में 25, झंडूता में 22, श्री नयनादेवी में 14 और घुमारवीं में 14 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त गृह रक्षा विभाग की बिलासपुर, घुमारवीं, मारकंड, भराड़ी, बस्सी और झंडूता स्थित 6 कंपनियों को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर होमगार्ड जवान तुरंत अग्निशमन विभाग का सहयोग कर सकें।

बाजारों और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी

बिलासपुर और घुमारवीं शहरों के अलावा श्री नयनादेवी और शाहतलाई प्रमुख धार्मिक स्थल हैं, जहां त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और खरीदार पहुंचते हैं। बाजारों में भीड़ और पटाखों की वजह से आगजनी का खतरा अधिक रहता है।

तैयारियों के तहत जिले के मुख्य बाजारों और पटाखों की दुकानों का पहले ही निरीक्षण किया जा चुका है। दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, अग्निशमन यंत्र चालू स्थिति में रखने, बिजली की सजावट सुरक्षित तरीके से करने और आपातकालीन रास्तों को खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं। होमगार्ड 5वीं वाहनी बिलासपुर के सुशील कौंडल ने बताया कि दीपावली पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए विभाग के स्तर पर सभी पुख्ता प्रबंध किए जा चुके हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News