घुमारवीं में प्राथमिक शिक्षकों का फूटा गुस्सा: न्यू कॉम्प्लैक्स सिस्टम के विरोध में काले बिल्ले लगाकर जताया रोष, दी आंदोलन की चेतावनी

Share

- Advertisement -

Bilaspur News: शिक्षा खंड घुमारवीं-1 के प्राथमिक शिक्षकों ने राज्य सरकार द्वारा लागू किए जा रहे ‘न्यू कॉम्प्लैक्स सिस्टम’ के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए काले बिल्ले लगाकर रोष प्रकट किया है। शिक्षकों ने इसे प्राथमिक शिक्षा के ढांचे के लिए बेहद घातक बताते हुए सरकार से इस अधिसूचना को तुरंत वापस लेने की पुरजोर मांग की है।

शिक्षा के स्तर के साथ खिलवाड़ है नई व्यवस्था

खंड स्तरीय कार्यशाला के दौरान शिक्षकों ने सरकार की इस नीति पर गंभीर सवाल उठाए। खंड महासचिव खूब सिंह ठाकुर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 23 सितंबर 2025 को जारी न्यू कॉम्प्लैक्स सिस्टम की अधिसूचना न सिर्फ प्राथमिक शिक्षा के स्तर को नीचे गिराएगी, बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ भी बड़ा खिलवाड़ साबित होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रणाली महज एक ‘जुगाड़ तंत्र’ बनकर रह गई है, जिससे प्राथमिक और माध्यमिक दोनों शिक्षा व्यवस्थाएं बुरी तरह चरमरा रही हैं।

रोजगार और प्रशासनिक व्यवस्था पर असर

शिक्षकों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से प्राथमिक पाठशालाओं में सेवाएं दे रहे मिड-डे मील वर्कर और मल्टी टास्क वर्कर के रोजगार पर सीधा प्रतिकूल असर पड़ेगा। इसके अलावा, प्रदेश के हजारों प्रशिक्षित बेरोजगार जेबीटी युवाओं का भविष्य भी अधर में लटक सकता है। संघ ने स्पष्ट किया कि इस अव्यावहारिक निर्णय के कारण वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के शिक्षक भी मानसिक तनाव और भारी प्रशासनिक अव्यवस्था का सामना करने के लिए मजबूर हैं।

प्रशासनिक क्षमता पर सवाल उठाते हुए संघ ने कहा कि जब एक प्रधानाचार्य के लिए 15 से 20 स्कूलों का सुचारू रूप से संचालन करना व्यावहारिक रूप से असंभव है, तो ऐसे में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार का दावा पूरी तरह खोखला साबित होता है।

15 नवंबर को धर्मशाला में होगा राज्यस्तरीय प्रदर्शन

शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जनहित को ध्यान में रखते हुए इस अधिसूचना को शीघ्र वापस नहीं लिया, तो संघ उग्र कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा। आगामी शीतकालीन सत्र के दौरान प्रदेश के सभी 68 विधायकों को ज्ञापन सौंपकर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके साथ ही, 15 नवंबर को धर्मशाला में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए खंड स्तर पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

इस अवसर पर खंड स्तरीय पदाधिकारियों के अलावा जिला एवं राज्य स्तर के शिक्षक प्रतिनिधि और पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News