Bilaspur News: भराड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी के महज चार दिन बाद नवविवाहिता ससुराल से करीब 16 लाख रुपये के गहने और 1.80 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित परिवार ने हरियाणा के जगाधरी कोर्ट में 31 अक्तूबर को विवाह होने की जानकारी दी है। बिलासपुर पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर फरार युवती की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस थाना भराड़ी के अंतर्गत आने वाले एक गांव में वैवाहिक रिश्ते में विश्वासघात का मामला सामने आया है। शादी के महज चार दिन बाद नवविवाहिता अपने ससुराल से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस को सौंपी गई शिकायत में पीड़ित युवक की बहन ने बताया कि उसके भाई का विवाह 31 अक्तूबर को हरियाणा के जगाधरी स्थित सिविल कोर्ट में यमुनानगर निवासी 22 वर्षीय युवती के साथ हुआ था। कोर्ट मैरिज के बाद दुल्हन ससुराल आई थी। परिजनों का आरोप है कि 4 नवम्बर को युवती मौका पाकर घर में रखे करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 1.80 लाख रुपये की नकदी लेकर अचानक लापता हो गई।
पुलिस ने शुरू की युवती की तलाश
घर से दुल्हन के अचानक गायब होने और तिजोरी से कीमती आभूषण व नकदी न मिलने पर परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की। कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने भराड़ी पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम गठित कर फरार युवती की तलाश शुरू कर दी गई है और मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है।