Bilaspur News: जिला बिलासपुर के झंडूता बाजार स्थित एक ज्वैलरी शॉप से करीब 5 लाख रुपये के चांदी के आभूषण चुराने वाले गिरोह के मुख्य सूत्रधार को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 19 वर्षीय मुख्य आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए चांदी के सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं, जबकि मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
बिलासपुर पुलिस की तकनीकी जांच और सटीक तफ्तीश के आगे शातिर चोरों की चालाकी काम नहीं आई। वारदात को अंजाम देकर दूसरे राज्य भाग चुके मुख्य आरोपी को पुलिस टीम ने मुरादाबाद में दबिश देकर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
18 अक्तूबर को दर्ज हुई थी चोरी की प्राथमिकी
झंडूता बाजार के आभूषण कारोबारी विपिन कुमार ने बीते 18 अक्तूबर को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी दुकान से करीब 5 लाख रुपये के चांदी के गहने चोरी हो गए हैं। वारदात को अंजाम देने वाले शातिर पुलिस से बचने की पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। उन्होंने न केवल अपने चेहरे नकाब से ढक रखे थे, बल्कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट के साथ भी छेड़छाड़ कर रखी थी ताकि उनकी पहचान न हो सके।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
बिना किसी प्रत्यक्ष सुराग के मामले की जांच में जुटी झंडूता पुलिस ने पारंपरिक मुखबिरी के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगालने के बाद पुलिस ने नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई मोटरसाइकिल की वास्तविक पहचान कर ली। इसके बाद तकनीकी कड़ियां जोड़ते हुए जांच का दायरा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद तक पहुंच गया।
मुरादाबाद में दबिश देकर मुख्य आरोपी को दबोचा
पुख्ता इनपुट मिलते ही झंडूता पुलिस की एक टीम मुरादाबाद पहुंची और वहां घेराबंदी कर मुख्य आरोपी मनोज कुमार उर्फ मोनू (19) पुत्र अजब सिंह, निवासी गांव नेवाड़ खास, जिला मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए चांदी के शत-प्रतिशत जेवरात बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।