नाहन हिंसा मामला: पुलिस ने दोनों समुदायों के 12 लोगों को किया गिरफ्तार, शांति बहाली के प्रयास तेज

Share

- Advertisement -

Nahan News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन में दो समुदायों के बीच हुए विवाद और हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने देर रात दोनों पक्षों के 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शहर में 29 अक्टूबर तक धारा 163 लागू की गई है, जबकि पंजाब से पहुंचे प्रतिनिधियों ने भी शांति बनाए रखने की अपील की है।

एसपी सिरमौर ने की गिरफ्तारी की पुष्टि

सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना सदर नाहन ने 27 अक्टूबर की शाम को दोनों पक्षों के 10-12 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए बुलाया था। जांच के बाद इन गिरफ्तारियों को अंजाम दिया गया है, और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। प्रशासन के अनुसार इस मामले में अभी और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

पंजाब से पहुंचे प्रतिनिधियों ने की शांति की अपील

नाहन में उपजे तनाव को शांत करने के लिए अब शांति बहाली के प्रयास तेज हो गए हैं। मंगलवार को पंजाब से दोनों समुदायों के प्रतिनिधि नाहन पहुंचे और अपने-अपने समुदाय के लोगों से शांति व आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

पंजाब बुड्ढा दल के जत्थेदार अवतार सिंह और वाल्मीकि तीर्थ अमृतसर के महासचिव बिलू वाल्मीकि ने नाहन में मीडिया से बातचीत करते हुए लोगों से संयम बरतने का आह्वान किया। उन्होंने जोर दिया कि दोनों समुदायों को आपस में बैठकर शांतिपूर्ण तरीके से इस मामले का समाधान निकालना चाहिए।

क्यों भड़का था विवाद और क्या है मौजूदा स्थिति

नाहन में वाल्मीकि गेट के रेनोवेशन को लेकर दो मोहल्लों के लोग आमने-सामने आ गए थे। वाल्मीकि जयंती से ठीक दो दिन पहले 23 अक्टूबर को शहर में हिंसा भड़क गई थी, जिसमें दोनों पक्षों की ओर से पत्थरबाजी हुई थी। इस उपद्रव के दौरान एक कबाड़ की दुकान में आगजनी की गई और तहसीलदार की गाड़ी भी तोड़ दी गई थी। इस झड़प में एसएचओ समेत करीब 14 लोग घायल हुए थे।

हालाँकि, 26 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती पर शहर में शांतिपूर्ण तरीके से शोभायात्रा निकाली गई थी। इसके बाद पंजाब से लोगों के नाहन आने के ऐलान के बाद एहतियात के तौर पर प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी। वर्तमान में शहर में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News