Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मंगलवार (10 नवंबर) को एक बड़ा हादसा टल गया, जब बीर-बिलिंग से उड़ान भरने वाले एक रूसी पैराग्लाइडर एलेक्सी टांडू के पास हाईटेंशन बिजली की तारों में उलझ गए। जमीन से करीब 56 मीटर की ऊंचाई पर हवा में लटके इस पायलट को प्रशासन और बचाव दलों ने करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित नीचे उतार लिया।
कैसे हुआ हादसा और कैसे शुरू हुआ रेस्क्यू?
रूस के रहने वाले पैराग्लाइडर एलेक्सी ने कांगड़ा जिले के प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीर-बिलिंग से उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान वह मंडी जिले के टांडू के पास अचानक हाईटेंशन बिजली की लाइनों में फंस गए। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें और अपनी सटीक लोकेशन बीर-बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के साथ साझा की।
एसोसिएशन ने तुरंत इसकी सूचना मंडी जिला प्रशासन को दी, जिसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से बचाव अभियान शुरू कर दिया।
तीन घंटे चला चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF), नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और गवार कंस्ट्रक्शन कंपनी की टीमें मौके पर पहुंच गईं। ऊंचाई और बिजली के खतरनाक तारों के बीच फंसे पायलट को बचाने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया गया।
एसडीआरएफ की टीम ने रस्सियों और बेले (Belay) सुरक्षा प्रणाली के जरिए सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। हालांकि प्रशासन ने एहतियात के तौर पर भारतीय वायुसेना से भी मदद मांगी थी, लेकिन क्रेन और स्थानीय टीम के प्रयासों से वायुसेना की मदद की नौबत आने से पहले ही पायलट को सकुशल नीचे सुरक्षित निकाल लिया गया।
अधिकारियों ने दी घटना की जानकारी
मंडी के डिप्टी कमिश्नर अपूर्व देवगन ने बताया कि सूचना मिलते ही टांडू के पास क्रेन और अन्य जरूरी बचाव संसाधन भेज दिए गए थे, जिससे समय रहते पायलट की जान बचा ली गई।
वहीं, एसडीआरएफ मंडी इकाई के प्रभारी विनोद ठाकुर ने बताया कि सुरक्षित नीचे उतारने के बाद एलेक्सी को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत अस्पताल भेज दिया गया। शुरुआती जांच में पायलट होश में नजर आए और उन्होंने बातचीत भी की, हालांकि उनकी वास्तविक मेडिकल स्थिति डॉक्टरों की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।