हापुड़ में अनोखी शादी: मेरठ से हेलीकॉप्टर पर सवार होकर दुल्हन लेने पहुंचा दूल्हा, दादी का 18 साल पुराना सपना किया पूरा

Share

- Advertisement -

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के धौलाना क्षेत्र स्थित गांव देहरा में एक अनूठी शादी चर्चा का केंद्र बन गई है। यहां मेरठ से एक दूल्हा अपनी दुल्हन को ब्याहने के लिए हेलीकॉप्टर से पहुंचा। गांव में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग होते ही इसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और हर कोई इस नजरे को अपने कैमरे में कैद करने के लिए उत्सुक नजर आया।

दादी के 18 साल पुराने सपने को पोते ने किया पूरा

इस अनोखे विवाह के पीछे एक पारिवारिक संकल्प और गहरा भावनात्मक जुड़ाव छिपा है। दूल्हे हीरा राणा ने बताया कि उनकी दादी ने करीब 18 साल पहले यह सपना देखा था कि उनके घर का दूल्हा हेलीकॉप्टर में सवार होकर अपनी दुल्हन को ब्याहने आए।

दादी के इसी अरमान को पूरा करने का हीरा राणा ने उसी समय संकल्प लिया था। शादी के दिन उन्होंने अपना वादा निभाते हुए हेलीकॉप्टर से पहुंचकर दादी का यह सपना पूरी तरह साकार कर दिया।

हेलीकॉप्टर से दुल्हन को लेकर हुई विदा

हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के बाद विवाह समारोह की खुशियां और अधिक बढ़ गईं। दूल्हा हीरा राणा अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर में बैठाकर अपने साथ विदा कराकर ले गया। पोते द्वारा अपनी दादी के 18 साल पुराने सपने को पूरा करने की यह अनूठी पहल पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। यह शादी न केवल अपने अनोखे अंदाज के कारण, बल्कि दादी-पोते के भावनात्मक रिश्ते और वादे की एक बेहतरीन मिसाल के रूप में भी यादगार बन गई है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News