Palakkad News: केरल के पलक्कड़ जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर फाड़ने और उसे पैरों तले रौंदने के आरोप में करीब 15 छात्रों पर मामला दर्ज किया गया है। यह घटना मन्नारक्कड़ स्थित एमईएस कल्लाडी कॉलेज के पास छात्र संघ चुनाव प्रचार के दौरान हुई। पुलिस ने भाजपा नेता की शिकायत पर केस दर्ज किया है।
अधिकारियों के अनुसार यह मामला 13 अक्टूबर की शाम का है, जब कॉलेज कैंपस के बाहर छात्र संघ चुनाव के प्रचार का समापन हो रहा था। इस दौरान मुस्लिम स्टूडेंट्स फेडरेशन और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए थे। आरोप है कि छात्रों ने दंगा भड़काने के मकसद से यह कदम उठाया।
पीएम की तस्वीर फाड़ने और रौंदने पर दर्ज हुआ केस
आरोपियों ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को फाड़ा, उसे सड़क पर फेंका और पैरों से बुरी तरह रौंद दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में तनाव फैल गया। भाजपा नेता बीजू ने इस हरकत के खिलाफ मन्नारक्कड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी छात्रों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले से जुड़े वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
