Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार के आरोप में एक प्राथमिक शिक्षक को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने पद्धर उपमंडल के स्कूल में तैनात जेबीटी शिक्षक पर यह कार्रवाई की है। वहीं पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गत सप्ताह मुख्य शिक्षक एक ट्रेनिंग कैंप में भाग लेने स्कूल से बाहर गया हुआ था। इस दौरान छात्राओं ने डेपुटेशन पर आए दूसरे शिक्षक को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद अभिभावकों ने सीधे चाइल्ड हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। हेल्पलाइन की टीम ने स्कूल पहुंचकर छात्राओं और उनके परिजनों के बयान कलमबद्ध किए।
विभागीय जांच में पुष्टि के बाद निलंबन आदेश जारी
आरोपी शिक्षक पर छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करने और गलत तरीके से छूने का गंभीर आरोप है। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा मंडी ने शिक्षक को निलंबित कर दिया। शिक्षक को मौजूदा स्कूल से कार्यमुक्त कर सुंदरनगर खंड के जैदेवी मुख्यालय में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निलंबित शिक्षक को स्कूल के सभी आधिकारिक रिकॉर्ड, रजिस्टर और सरकारी संपत्ति का चार्ज 10 दिनों के भीतर सक्षम अधिकारी को सौंपना होगा। डीएसपी पद्धर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।