World News: चीन में बढ़ती बेरोजगारी के बीच एक बेहद चौंकाने वाला चलन सामने आया है। नौकरी छूटने के बावजूद कई युवा रोज सुबह तैयार होकर दफ्तर जाने का नाटक करते हैं। असल में वे पार्क, लाइब्रेरी, मॉल या कैफे में दिन बिताते हैं ताकि परिवार को उनकी बेरोजगारी की खबर न लगे।
परिवार और रिश्तेदारों के दबाव से बचने की अनोखी कोशिश
रॉयटर्स के अनुसार, माता-पिता और रिश्तेदारों के लगातार सवालों से बचने के लिए लोग ऐसा कर रहे हैं। 32 साल की कोको ली इसका प्रमुख उदाहरण हैं। उन्होंने काम के भारी दबाव और पहचान न मिलने से छह महीने पहले सरकारी रियल एस्टेट कंपनी छोड़ दी, लेकिन यह बात परिजनों से पूरी तरह छिपाई।
कोको ली का मानना है कि मां को सच्चाई बताने से उनकी चिंता सिर्फ बढ़ेगी, जिससे नई नौकरी नहीं मिलेगी। चीन के सोशल मीडिया पर अब यह विषय जमकर ट्रेंड कर रहा है। वीबो पर 32 करोड़ और डोयिन पर 61 करोड़ से ज्यादा बार लोगों ने इस तरह की पोस्ट को देखा है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से छंटनी और लगातार बढ़ती चुनौतियां
एक अन्य 36 वर्षीय महिला झांग की नौकरी अगस्त में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) छंटनी के चलते चली गई। जब वह समय बिताने पुस्तकालय पहुंचीं, तो वहां कामकाजी दिन में भी भारी भीड़ देखकर दंग रह गईं। एक यूजर ने बताया कि उसने 30 दिनों में 80 जगहों पर नौकरी के लिए आवेदन किया।
इस पूरे चलन के पीछे गंभीर आर्थिक संकट के साथ-साथ कड़ा सामाजिक दबाव भी बड़ा कारण है। चीनी समाज में नौकरी को आत्मनिर्भरता और कामयाबी का मुख्य पैमाना माना जाता है। काम छिनने के बाद युवाओं को आय टूटने के अलावा परिजनों के तानों और समाज की सलाह का भारी डर रहता है।
