Mandi News: शारदीय नवरात्र के पहले दिन मंडी के गुटकर ऑटोमोबाइल बाजार में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही लोग परिवार संग शोरूम पहुंचने लगे थे। सुबह नौ बजे तक ही 100 से ज्यादा नई गाड़ियां बिक गईं। शुभ मुहूर्त पर चाबियां पाकर खरीदारों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
जीएसटी दरों में भारी कटौती से ऑटोमोबाइल बाजार में आया बंपर उछाल
गाड़ियों की इस जोरदार बिक्री के पीछे हाल ही में जीएसटी दरों में हुई कटौती को मुख्य वजह माना जा रहा है। छोटी गाड़ियों पर टैक्स 28 से घटकर 18 फीसदी हुआ है। वहीं बड़ी गाड़ियों पर यह दर 48 से घटकर 40 फीसदी रह गई है। टैक्स कम होने से लग्जरी गाड़ियों की भारी मांग है।
त्योहारी सीजन में पूरे हिमाचल प्रदेश में दस हजार वाहन बिकने की उम्मीद
कारोबारियों के अनुसार नवरात्र के नौ दिन ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए बेहद शानदार रहने वाले हैं। पूरे राज्य में करीब 10,000 नई गाड़ियां बिकने की उम्मीद है। देवभूमि मोटर्स ग्रुप के महाप्रबंधक संदीप शर्मा ने बताया कि टैक्स छूट से जबरदस्त रिस्पांस मिला है। एडवांस बुकिंग पहले से ही पूरी तरह पैक चल रही है।
