Mandi News: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर वर्ष 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने का स्पष्ट आह्वान किया। कुल्लू दौरे के दौरान सुंदरनगर में कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा करते हुए उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और चुनावी तैयारियों को अभी से गति देने का मंत्र दिया।
जेपी नड्डा ने अनौपचारिक बैठक में कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर वे बेहद प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन का संदेश हर मतदान केंद्र तक पहुंचाएं। साथ ही राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करें।
केंद्रीय मंत्री ने सुंदरनगर के आधारभूत ढांचे में आए सुधार का विशेष जिक्र किया। उन्होंने पुरानी यादों को साझा करते हुए कहा कि एक समय था जब ‘राजा का बाग’ के पास घंटों लंबा ट्रैफिक जाम लगता था। हालांकि अब बाईपास का निर्माण होने से बिलासपुर, सुंदरनगर और नेरचौक से वाहन केवल 15 से 20 मिनट में सुगमता से गुजर जाते हैं।
वहीं दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम की आलोचना करते हुए कहा कि टीवी और सोशल मीडिया पर दिखाया जा रहा दृश्य वास्तविक भारत की तस्वीर नहीं है। भारत शांतिपूर्ण ढंग से सुशासन के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
संबित पात्रा ने कहा कि राजधानी को बंधक बनाने और अराजकता फैलाने की असामाजिक तत्वों की साजिश पूरी तरह विफल हो चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अराजक तत्वों का यह फ्लॉप शो ध्वस्त हो गया है और देश में एक बार फिर भीड़तंत्र पर लोकतंत्र की बड़ी जीत हुई है।
