कीरतपुर-मनाली फोरलेन प्रोजेक्ट से आधा होगा सफर का समय, 10 नई सुरंगों के साथ दिल्ली से मनाली पहुंचेंगे 10 घंटे में

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश में कीरतपुर-मनाली फोरलेन प्रोजेक्ट (NH-21) के पूरी तरह शुरू होने से राज्य को हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। पांच चरणों के इस हाईवे के चालू होने पर कीरतपुर से मनाली का सफर 7-8 घंटे के बजाय महज 3.5 से 4 घंटे का रह जाएगा।

दिल्ली से मनाली की दूरी तय करने में अब 14 घंटे के बजाय सिर्फ 10 घंटे लगेंगे। कठिन पहाड़ी रास्तों, पुलों और सुरंगों के कारण प्रोजेक्ट का बजट 6,000 करोड़ से बढ़कर 7,000 करोड़ रुपये हो गया है। नए अलाइनमेंट और बाईपास बनने से कुल दूरी 237 किमी से घटकर 190 किमी रह गई है।

भूस्खलन के खतरे को देखते हुए पूरे फोरलेन प्रोजेक्ट में 28 से 29 सुरंगें बनाई जा रही हैं। इसमें गरामोड़ के पास 1,800 मीटर और पंडोह-टकोली सेक्शन में 2.8 किमी लंबी सुरंग शामिल है। मंडी जिले के थलौट में 220 करोड़ रुपये की लागत से 500 मीटर लंबी पहली बॉक्स सुरंग का निर्माण जारी है।

एनएचएआई ने पूरे हाईवे पर सतलुज और ब्यास नदियों पर 37 से ज्यादा पुल तैयार किए हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहाड़ी क्षेत्र में गाड़ियों के लिए 60 किमी प्रति घंटा की स्पीड लिमिट तय की गई है। ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए हर 500 मीटर पर सीसीटीवी कैमरे और स्पीडोमीटर लगाए गए हैं।

यह फोरलेन रूट बिलासपुर, मंडी, कुल्लू-मनाली, लाहुल-स्पीति और लेह-लद्दाख जाने वाले पर्यटकों को सीधा फायदा पहुंचाएगा। बेहतर कनेक्टिविटी से हर साल करीब 1,000 करोड़ रुपये के ईंधन की बचत होगी। इसके साथ ही एनएचएआई विशेषज्ञों की देखरेख में 10 और नई सुरंगें बनाने की तैयारी कर रहा है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News