Shimla News: हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। 10 हजार से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती करने के बाद, राज्य सरकार ने 4 हजार और नए पदों पर नियुक्ति की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस संबंध में आधिकारिक जानकारी दी है।
नोगली में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है। सार्वजनिक सेवाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। बीते तीन वर्षों में 10 हजार शिक्षक भर्ती हुए हैं और अगले छह महीनों में 4,000 और पद भरे जाएंगे।
राज्य में शिक्षा गुणवत्ता सुधारने के लिए 150 से अधिक सीबीएसई स्कूल खोले गए हैं, जिनमें 2,000 शिक्षकों की नियुक्तियां हो चुकी हैं। इससे ग्रामीण बच्चों को घर के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध 300 स्कूलों को ‘स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित किया जा रहा है।
सीएम ने पिछली भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2021 में हिमाचल शिक्षा रैंकिंग में 21वें स्थान पर था। वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश अब 5वें स्थान पर आ गया है। शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं ताकि प्रदेश के छात्रों का भविष्य बेहतर हो सके।
सरकार ने लंबे समय से लंबित अनुकंपा के आधार पर मिलने वाली नौकरियों का 70 प्रतिशत निपटारा कर दिया है और पात्र लोगों को नौकरियां दी हैं। इसके साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए एक नई नीति पर काम चल रहा है, जिसे बहुत जल्द पूरे राज्य में लागू कर दिया जाएगा।