Mandi News: पंजाब के मोहाली की रहने वाली एक युवती ने शादी का झांसा देकर लिव-इन रिलेशनशिप में रहने और बाद में मुकरने का आरोप लगाया है। पीड़िता दोबारा न्याय की गुहार लेकर एसपी कार्यालय मंडी पहुंची। उसने आरोपी युवक पर शारीरिक शोषण और सामान हड़पने का आरोप लगाया है।
युवती के अनुसार आरोपी युवक मंडी में टेलर का काम करता है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। इसी साल जनवरी में सोशल मीडिया चैट के माध्यम से दोनों की पहचान हुई थी। इसके बाद अप्रैल महीने से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रहने लगे थे।
आरोपी लगातार शादी का भरोसा देकर मंडी और मोहाली में पीड़िता से मिलता रहा। बीते महीने 13 अगस्त को जब युवती मंडी आई, तो आरोपी और उसके परिवार ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद सीटी चौकी में एफआईआर दर्ज न होने पर मुजफ्फरपुर थाने में जीरो एफआईआर कराई गई।
बाद में मामला मंडी पुलिस के पास पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। आरोपी दो दिन बाद पीड़िता को मोहाली छोड़कर अचानक गायब हो गया। पीड़िता का आरोप है कि उसका आईफोन, गहने और करीब एक लाख रुपये भी आरोपी के पास हैं, जिसे वह वापस नहीं लौटा रहा है।
पीड़िता ने पुलिस पर देरी से मेडिकल कराने और ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। वहीं एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।