हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया का 87 वर्ष की आयु में निधन, जानिए उनका राजनीतिक सफर

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के पूर्व कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। सेना से सेवानिवृत्त होकर राजनीति में आए मनकोटिया अपनी बेबाक शैली के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपना पहला चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीता था।

इसके बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा और राज्य सरकार में मंत्री पद तक पहुंचे। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ उनके राजनीतिक मतभेद हमेशा बने रहे। उनके द्वारा उजागर किए गए चर्चित सीडी कांड के कारण पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

वर्ष 2007 में मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने वीरभद्र सिंह से जुड़ी एक विवादास्पद ऑडियो सीडी जारी की थी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी प्रतिभा सिंह को भी आरोपी बनाया गया था। हालांकि, बाद में अदालत ने वीरभद्र सिंह और उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह को इस पूरे मामले में सम्मानपूर्वक बरी कर दिया था।

सीडी में वर्ष 1989 के एक मामले में पैसों के लेनदेन का दावा किया गया था। इसमें आरोप था कि दाड़लाघाट सीमेंट प्लांट को मंजूरी देने में पद का दुरुपयोग किया गया था। वहीं प्रतिभा सिंह पर अनुमति का दबाव बनाने का आरोप था। बाद में मनकोटिया ने कोर्ट में आवाज पहचानने से मना कर दिया था।

मनकोटिया ने 27 मई 2007 को यह सीडी जारी की थी। वर्ष 2008 में भाजपा की धूमल सरकार ने इस मामले की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो को सौंपी थी। इसके बाद 3 अगस्त 2009 को विजिलेंस ने केस दर्ज किया और अक्टूबर 2010 में अदालत के समक्ष चालान पेश कर दिया था।

25 जून 2012 को विशेष अदालत ने वीरभद्र सिंह और उनकी पत्नी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत आरोप तय किए। आरोप तय होने के बाद वीरभद्र सिंह को यूपीए सरकार में केंद्रीय इस्पात मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था। हालांकि, बाद में उन्हें अदालत से राहत मिल गई थी।

नवंबर 2012 में सुनवाई के दौरान मनकोटिया ने अदालत में कहा कि उन्हें नहीं पता कि वह सीडी कहां से आई थी। विशेष न्यायाधीश बीएल सोनी के सामने उन्होंने बताया कि शिमला में अज्ञात लोगों ने उन्हें सीडी दी थी। इसके बाद 2012 से 2017 तक वीरभद्र सिंह फिर मुख्यमंत्री रहे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News