स्पीति घाटी में सितंबर में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, मलिंग नाले के पास पहाड़ दरकने से काजा मार्ग पर आवाजाही ठप

Share

- Advertisement -

Lahaul Spiti News: जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति की स्पीति घाटी में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। रविवार को मुद गांव में करीब दो से तीन इंच ताजा बर्फबारी हुई। इसके चलते घाटी में ठंड बढ़ गई है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

मुद गांव के साथ स्पीति के अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भी हल्की से मध्यम बर्फबारी की सूचना है। सड़कों पर बर्फ जमने से कई स्थानों पर गाड़ियों की आवाजाही थम गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सितंबर के अंत में हुई बर्फबारी से आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी।

उधर किन्नौर जिले में खराब मौसम, बारिश और ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसका सबसे बुरा असर सेब बागबानों पर पड़ा है। किन्नौर में सेब का सीजन चरम पर है, लेकिन बारिश के कारण सेब तुड़ान का काम बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

खराब मौसम के कारण किन्नौर में यातायात सेवाएं भी ठप हो गई हैं। नाको के पास मलिंग नाले के समीप पहाड़ से लगातार पत्थर गिर रहे हैं। इसके चलते रिकांगपिओ से काजा जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है और गाड़ियों की कतारें लग गई हैं।

लाहुल-स्पीति के काजा में भी हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है। पुलिस स्टेशन काजा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बर्फ के फाहे गिरे। बर्फबारी के बाद काजा की चोटियां सफेद रंग में रंग गईं और लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों में नजर आए।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News