Kyiv News: यूक्रेन में सबसे बड़ी स्टील निर्माता और भारतीय उद्योगपति लक्ष्मीनिवास मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल ने उत्पादन रोकने की घोषणा की है। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के गृह नगर क्रिवी रीह स्थित प्लांट पर लगातार हो रहे रूसी हमलों के चलते कंपनी प्रबंधन ने सुरक्षा कारणों से यह कड़ा कदम उठाया है।
लगातार रूसी हमलों और मौतों के बाद लिया फैसला
कंपनी पर पिछले पांच हफ्तों में चार बार एयर स्ट्राइक हुई, जिसमें पांच कर्मचारियों की जान चली गई। कंपनी प्रबंधन ने यूक्रेन सरकार को प्रोडक्शन बंद करने की सूचना दे दी है। प्रबंधन का कहना है कि लगातार हवाई हमलों के साए में कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए काम जारी रखना संभव नहीं है।
आर्सेलरमित्तल का बंद होना युद्धग्रस्त यूक्रेन के लिए गंभीर आर्थिक झटका है, क्योंकि रूसी हमलों से उसका एक्सपोर्ट पहले ही 15 प्रतिशत तक गिर चुका है। इसके साथ ही रूस ने कीव पर भी शुक्रवार को बड़ा मिसाइल अटैक किया, जिसमें एक 14 वर्षीय किशोर समेत सात लोगों की मौत हुई और 46 घायल हुए।
रिफाइनरी पर जवाबी हमले और पुतिन का बयान
रूस ने कीव में एक अमेरिकी रेस्टोरेंट चेन के वेयरहाउस को भी निशाना बनाया, जिसे जेलेंस्की ने आतंकी हरकत करार देते हुए वैश्विक एकजुटता की मांग की। दूसरी तरफ, यूक्रेन ने भी रूस के पर्म क्षेत्र और अन्य इलाकों में स्थित ऑयल रिफाइनरी पर हमला कर वहां का प्रोडक्शन रोक दिया है।
इस भीषण टकराव के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि उन्हें शांति समझौते का ड्राफ्ट प्राप्त हुआ है और उस पर विचार किया जा रहा है। दोनों देशों के बीच रिफाइनरी और बुनियादी ढांचे पर लगातार हो रहे सटीक हमलों से पूरे क्षेत्र में तनाव चरम स्तर पर बना हुआ है।