Shimla News: हिमाचल प्रदेश में सेब बागवानों को राहत देने के लिए कांग्रेस विधायकों ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के 14 विधायकों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को संयुक्त ज्ञापन सौंपकर मांग उठाई है। विधायकों ने मार्केट इंटरवेंशन स्कीम यानी एमआईएस के तहत सेब का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने की अपील की है।
लागत और मौसम की मार से परेशान हैं बागवान
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि मौजूदा समय में सेब का समर्थन मूल्य 12 रुपये प्रति किलो है, जिसे बढ़ाकर कम से कम 20 रुपये किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौसम की बेरुखी और बढ़ती उत्पादन लागत के कारण वर्तमान दर बागवानों के लिए नाकाफी साबित हो रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राठौर ने कहा कि बागवानों को महंगे कीटनाशक, खाद और बढ़ती लेबर कॉस्ट का भारी दबाव झेलना पड़ रहा है। प्राकृतिक आपदाओं से इस सीजन में भी फसल काफी प्रभावित हुई है। ऐसी स्थिति में सरकार द्वारा खरीद मूल्य बढ़ाए बिना बागवानों को आर्थिक नुकसान से बचाना बेहद मुश्किल है।
राजस्व मंत्री तैयार करेंगे खरीद मूल्य का नया ड्राफ्ट
राठौर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने विधायकों की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सहानुभूतिपूर्वक विचार का भरोसा दिया है। इसके लिए राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी को औपचारिक प्रस्ताव तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार पहले ही दूध, गेहूं और अन्य फसलों के दाम बढ़ा चुकी है, इसलिए सेब पर भी जल्द फैसला होना चाहिए।