Idukki News: केरल के इडुक्की जिले के वट्टावाड़ा स्थित कोट्टाकंबूर में रविवार को भयानक भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम छह लोगों की जान चली गई है, जबकि पर्यटकों समेत कई अन्य लोगों के बहने और लापता होने की आशंका बनी हुई है।
रविवार की छुट्टी होने के कारण नदी किनारे के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान कोट्टाप्पुझा के पूकट्टुमपदम स्थित टी.के. कॉलोनी में अचानक सैलाब आ गया। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि राहत व बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
दर्जनों लोगों का रेस्क्यू, लापता लोगों की तलाश जारी
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार पर्यटकों और एक स्थानीय महिला समेत लगभग सात लोगों के पानी में बह जाने की आशंका है। पोट्टिक्कल्लू के मुत्तिककुंड में नदी से एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। चोक्कड़ के पास चट्टानों और पेड़ों पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
बचाव कर्मियों, स्थानीय निवासियों और स्वयंसेवकों ने मिलकर नदी के बीच फंसे लगभग 27 लोगों की जान बचाई। मृतकों में चेन्नई की रहने वाली संगीता अरुल लाल भी शामिल हैं, जो वागामोन की यात्रा से लौट रही थीं। रास्ते में कीचड़ की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई, जबकि उनकी घायल दोस्त का इलाज जारी है।
मौसम विभाग का अलर्ट और सीएम के कड़े निर्देश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी देते हुए इडुक्की और कोट्टायम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले चौबीस घंटों के दौरान भारी से अति भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है।
हालात की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने स्थिति का हर घंटे जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की कमिश्नर ने जिला कलेक्टरों के साथ अहम बैठक की है। प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ और राहत बलों की विशेष टीमों को तुरंत तैनात कर दिया गया है।