नाहन में शराब पिलाने से मना करने पर मेडिकल कारोबारी पर डंडे से हमला, सिर पर आई गंभीर चोट

Share

- Advertisement -

Sirmaur News: नाहन शहर के गुन्नुघाट क्षेत्र में देर रात शराब पिलाने से इनकार करने पर एक पड़ोसी ने दवा कारोबारी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने डंडे से सिर पर वार कर पीड़ित को लहूलुहान कर दिया। घायल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

गुन्नुघाट निवासी संजीव अग्रवाल चौक पर लक्ष्मी मेडिकल हॉल नाम से दवाइयों का थोक व्यापार करते हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 14 और 15 सितंबर की दरमियानी रात करीब 2 बजे वह दुकान पर काम निपटा रहे थे। तभी पड़ोसी अंकुर शर्मा दुकान पर आ धमका और जबरन शराब पिलाने का दबाव बनाने लगा।

घर की सीढ़ियों पर घात लगाकर किया डंडे से हमला

संजीव अग्रवाल द्वारा शराब पिलाने से साफ मना करने पर आरोपी भड़क गया और उसने रास्ते में देख लेने की धमकी दी। इसके बाद जब पीड़ित अपना काम खत्म कर घर पहुंचा, तो आरोपी हाथ में डंडा लेकर पहले से सीढ़ियों पर घात लगाए बैठा था। उसने गालियां देते हुए सिर पर जोरदार वार कर दिया।

अचानक हुए इस हमले में दवा कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया और सिर से खून बहने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी अंकुर शर्मा के खिलाफ नाहन थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News