Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में स्थित एक निजी होटल में दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस पीड़िता के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
महिला पुलिस थाना चंबा में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी दोनों नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर निजी होटल ले गया था। वहां उसने दोनों के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने पीड़ित बच्चियों के बयान दर्ज करने के बाद होटल के कमरे और रिकॉर्ड की गहन छानबीन शुरू की है। इसके अलावा नाबालिगों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है और मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारी सभी जरूरी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल में जुटे हैं।
एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ मामले की तफ्तीश कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आरोपी के खिलाफ ठोस कानूनी साक्ष्य तैयार किए जा रहे हैं।