कांगड़ा के कोटला में स्तरोन्नत पुलिस थाने का उद्घाटन, एसएचओ सहित 25 पुलिसकर्मियों का नया स्टाफ तैनात

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कोटला पुलिस चौकी को थाने में बदल दिया गया है। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने बुधवार को ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के तहत कोटला में इस नए पुलिस थाने का विधिवत उद्घाटन किया।

अपग्रेड हुए इस थाने में एक एसएचओ, 3 सहायक उप निरीक्षक, 5 मुख्य आरक्षी और 16 आरक्षी सहित कुल 25 पद मंजूर किए गए हैं। इनमें महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी। नया थाना बनने से कोटला व आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी।

नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने पुलिस कर्मियों को ईमानदारी और निष्ठा से ड्यूटी करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से चिट्टे और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ा प्रहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गैरकानूनी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज ने कृषि मंत्री को शॉल व टोपी देकर सम्मानित किया। प्रो. चंद्र कुमार ने यह भी बताया कि बरसात में देहर खड्ड से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए 10 करोड़ रुपये के बाढ़ नियंत्रण कार्य किए गए हैं। साथ ही कोटला को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से विकास तेज होगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News