Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे। ये सभी नेता किशाऊ मल्टीपर्पज डैम प्रोजेक्ट पर होने वाली समीक्षा बैठक में शामिल होने आए थे। गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में यह बैठक बुलाई गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेने के लिए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पहले ही राजधानी पहुंच चुके हैं। गृह मंत्रालय के कार्यालय में यह चर्चा हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई। बैठक में ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और पीएमओ के शीर्ष अधिकारी भी उपस्थित रहे।
करीब तीन महीने पहले 16 जून को गृह मंत्री की अध्यक्षता में ऐसी ही एक मीटिंग हुई थी। उस दौरान यमुना नदी के पुनरुद्धार से जुड़ी किशाऊ परियोजना पर राज्यों के बीच सहमति बनी थी। इसके बाद छह राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान ने एमओयू पर दस्तखत करने का फैसला किया था।
किशाऊ मल्टीपर्पज डैम प्रोजेक्ट को मंजूरी देने के लिए जल्द ही केंद्रीय कैबिनेट के सामने पेश किया जाएगा। परियोजना के जल घटक की 90 फीसदी लागत केंद्र सरकार वहन करेगी। बाकी बचा 10 प्रतिशत खर्च सभी छह भागीदार राज्यों के बीच बांटा जाएगा।
बिजली घटक की लागत साझा करने के बदले हिमाचल प्रदेश के हिस्से का पानी दिल्ली और राजस्थान को दिया जाएगा। इस फैसले से यमुना नदी में स्वच्छ पानी का बहाव बढ़ेगा। टोंस नदी पर बन रही इस परियोजना से पानी के भंडारण, बिजली उत्पादन और पीने के पानी की आपूर्ति में बड़ा सुधार होगा।