हिमाचल में मानसून से जूझ रहे लोगों को राहत, 10 सितंबर तक साफ रहेगा मौसम, अब तक 1,242 करोड़ का नुकसान

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मानसून की भारी तबाही झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में सोमवार से 10 सितंबर तक मानसून कमजोर पड़ेगा और धूप खिलने के आसार हैं। इस दौरान विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जाएगी।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 7 से 10 सितंबर तक मौसम मुख्य रूप से शांत रहेगा। इस बीच कुछ इलाकों में केवल हल्की बारिश दर्ज हो सकती है। इसके बाद 11 और 12 सितंबर को दोबारा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम साफ रहने से तापमान दो से तीन डिग्री तक चढ़ेगा।

मानसून सीजन में अब तक भारी जान-माल का नुकसान

प्रदेश में इस मानसून सीजन के दौरान प्राकृतिक आपदाओं ने भारी तबाही मचाई है। 30 जून से 6 सितंबर तक भूस्खलन, बाढ़ और अन्य हादसों में 110 लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा 164 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई। वहीं सैकड़ों मवेशी और कई मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए हैं।

राज्य को अब तक 1,242.73 करोड़ रुपये से अधिक का भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। इसमें सबसे अधिक मार जल शक्ति विभाग पर पड़ी है, जिसे 951 करोड़ रुपये से ज्यादा की क्षति हुई है। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग को भी 258 करोड़ रुपये से अधिक का वित्तीय नुकसान झेलना पड़ा है।

सड़कों और बिजली आपूर्ति को बहाल करने का काम तेज

राज्य आपदा परिचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में 78 संपर्क मार्ग अब भी बंद पड़े हैं, जबकि सभी नेशनल हाईवे चालू हैं। मंडी जिले में सर्वाधिक 36 और कुल्लू में 22 सड़कें बाधित हैं। इसके साथ ही प्रदेश के 12 ट्रांसफार्मर और शिमला व चंबा की 8 प्रमुख पेयजल योजनाएं ठप हैं, जिन्हें बहाल किया जा रहा है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News