Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। राजगढ़ रोड से धोबीघाट रोड की ओर जा रही एक आल्टो कार बेकाबू होकर अचानक सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के वक्त गाड़ी में तीन युवक सवार थे, जो हादसे में बुरी तरह घायल हो गए हैं।
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को कार से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस और निजी वाहनों के जरिए सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटना के पीछे के तकनीकी और अन्य सभी कारणों का बारीकी से पता लगाया जा रहा है।